MP News: धार में भीषण हादसा, बोलेरो का फटा टायर, दूसरी कार से टकराई, 8 लोगों की मौत
MP Dhar Road Accident: मध्य प्रदेश के धार में बड़ा दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां एक बोलेरो गाड़ी का टायर फटने के बाद दूसरे वाहन से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक सभी कार में सवार लोग गुना के रहने वाले थे। हादसा इंदौर-अहमदाबाद हाइवे पर हुआ। बोलेरो में कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें से 8 लोगों ने दम तोड़ दिया।

इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर हादसा
बताया जा रहा है कि इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर घाटा बिल्लोद बाईपास पर यह हादसा हुआ, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। वहीं एक शख्स गंभीर रूप से घायल है।
मृतकों के शव गाड़ी में फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। मृतकों में एक महिला भी शामिल है, ये सभी धार जिले के बाग से आ रहे थे।
स्थानीय लोगों ने कार से निकाला
हादसा बुधवार रात करीब 10.30 बजे हुआ है। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिन्होंने रेस्क्यू अभियान चलाया। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची।
एक पुलिस कांस्टेबल की भी मौत
हादसे को लेकर डीएसपी ग्रामीण उमाकांत चौधरी ने कहा, ''हमें पीएस बेतवा सीमा में इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर एक कार दुर्घटना की सूचना मिली थी। एक बोलेरो एसयूवी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी और कार में सवार 9 लोगों में से 8 की मौत हो गई है। सभी लोग गुना की ओर जा रहे थे। हादसे में एक पुलिस कांस्टेबल की भी मौत हो गई है। मौके पर मौजूद जवानों ने सभी शवों को इंदौर भेजा है।''
जानकारी के अनुसार जिस बोलेरो गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ है, वो धर्मेंद्र चौहान के नाम पर रजिस्टर्ड है, जो रतलाम जिले के बंगरौद गांव के रहने वाले हैं। पुलिस फिलहाल हादसे की जांच में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications