'हम बनाएंगे बाबरी मस्जिद', फरहान आजमी के बयान पर क्या बोले योगी के मंत्री मोहसिन रजा?
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के नेता अबु आजमी के बेटे फरहान आजमी के उद्धव ठाकरे के साथ अयोध्या जाने के बयान पर योगी सरकार के मंत्री मोहसिन रजा ने निशाना साधा है। मोहसिन रजा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने तो राम मंदिर बनाने का फैसला दिया है और इस फैसले के बाद भी अगर इस तरह की बातें निकल कर आ रही हैं तो इसके जिम्मेदार यही लोग (फरहान आजमी) हैं। ऐसे लोगों ने देश के अंदर अराजकता, कट्टरवाद फैला रखा है। इसका जवाब अखिलेश यादव और उद्धव ठाकरे भी दें।

फरहान आजमी ने कहा- हम बाबरी मस्जिद बनाएंगे
शिवसेना के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा था कि सीएम उद्धव ठाकरे 7 मार्च को अयोध्या जाएंगे। राउत ने कहा था कि महा विकास अघाड़ी सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भगवान राम के दर्शन करने के लिए अयोध्या जाएंगे। गुरुवार को समाजवादी पार्टी के नेता अबु आजमी के बेटे फरहान आजमी ने कहा, 'अगर मुख्यमंत्री होते हुए उद्धव ठाकरे कहते हैं कि वह 7 मार्च को अयोध्या जा रहे हैं, तो मैं भी उनके साथ जाऊंगा। वे भगवान राम का मंदिर बनाएंगे और हम बाबरी मस्जिद बनाएंगे।'
'यह आस्था का मामला है राजनीति से ना जोड़े'
संजय राउत ने कहा था कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अयोध्या जाएंगे और भगवान राम का आशीर्वाद लेंगे। गठबंधन में हमारी सरकार के अन्य मंत्री भी अयोध्या जाएंगे। यह आस्था का मामला है इसे राजनीति से ना जोड़ें।












Click it and Unblock the Notifications