योगी कैबिनेट की बैठक आज, पेट्रोल-डीजल के साथ शराब पर बढ़ सकता है वैट
लखनऊ। कोरोना वायरस महामारी और लॉकडाउन की वजह से ठप पड़ी अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कुछ अहम फैसले ले सकते है। इसी क्रम में बुधवार (6 मई) को कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पेट्रोल-डीजल के साथ ही शराब की कीमतों को भी बढ़ाने पर फैसला लिया जा सकता है। बता दे, प्रदेश कैबिनेट की बैठक मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पांच कालिदास मार्ग पर दोपहर 12 बजे प्रस्तावित है।

कैबिनेट बैठक वो मंत्री शामिल होंगे, जिनके विभाग से जुड़े विषय एजेंडा का हिस्सा हैं। अन्य मंत्री कैबिनेट बैठक से ऑनलाइन जुड़ेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में कोरोना योद्धाओं की सुरक्षा के लिए एपेडमिक एक्ट में संशोधन संबंधी अध्यादेश के मसौदे को मंजूरी मिल सकती है। इसमें स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा स्वच्छता कर्मी, पुलिस व सरकार द्वारा नामित अन्य कार्मिकों को केंद्र की तर्ज पर सुरक्षा देने के लिए कड़ा प्रावधान है।
पेट्रोल 2 रुपए, डीजल एक रुपए हो सकता है महंगा
सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के मुताबिक सरकार पेट्रोल की वैट दरों में दो रुपए और डीजल में एक रुपए की वृद्धि कर सकती है। हालांकि, वाणिज्य कर विभाग ने पेट्रोल पर 1.26 रुपए से 2.26 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 1.09 रुपए से 2.09 रुपए तक की वृद्धि का प्रस्ताव दिया है।
शराब पर लग सकता है COVID टैक्स
राजस्व के लिए अहम आबकारी विभाग द्वारा दिए गए सुझाव के तहत 30 से 40 फीसदी कोरोना टैक्स शराब पर लगाया जा सकता है। दिल्ली समेत कई राज्य ऐसा पहले ही कर चुके हैं। अगर कैबिनेट बैठक में इस पर मुहर लगती है, तो यूपी में शराब 30 से 40 फ़ीसदी तक महंगी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications