विकास दुबे को उज्जैन से कानपुर लाने वाली कार में सवार कांस्टेबल निकला कोरोना संक्रमित
लखनऊ। कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे को उज्जैन से लेकर आ रही कार में सवार एक कॉन्सटेबल कोरोना संक्रमित पाया गया है। अधिकारी ने बताया कि शनिवार की देर रात को कांस्टेबल के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की खबर आई। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि उसी कार में चार अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। संक्रमित कांस्टेबल को मुठभेड़ के दौरान चोट भी आई है।
वहीं कांस्टेबल के संपर्क में आए लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। बता दें कि गैंगेस्टर विकास दुबे को पुलिस उज्जैन से लेकर आ रही कार कानपुर के निकट अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इसके बाद कथित तौर पर भागने की कोशिश कर रहे विकास को पुलिस ने मार गिराया था। बता दें कि बीते दो जुलाई को कानपुर के बिकरू गांव में विकास दुबे और उसके गैंग के लोगों ने मिलकर 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद विकास दुबे फरार चल रहा था। वारदात के सात दिन बाद गुरुवार सुबह विकास दुबे को एमपी पुलिस ने उज्जैन में स्थित महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया और देर शाम उन्होंने विकास को यूपी एसटीएफ को सौंप दिया था। एसटीएफ ने विकास दुबे से उज्जैन से कानपुर के सफर के दौरान लंबी पूछताछ की। इस दौरान उसने पुलिस को सबकुछ बताया।
विकास ने जिन लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। उन्हें लेकर भी लखनऊ से रणनीति तय की जाएगी। उनके खिलाफ क्या सबूत होंगे और उन्हें कैसे इकट्ठा किया जाएगा। इस बारे में उच्च अधिकारी भी चर्चा करेंगे। इन लोगों के खिलाफ भी कानूनी शिकंजे को मजबूत किया जाएगा। मजिस्ट्रेटी जांच से भी कई बातें सामने आएंगी।
पूर्व न्यायाधीश शशिकांत अग्रवाल करेंगे विकास दुबे एनकाउंटर की जांच, दो महीने में देंगे रिपोर्ट