यूपी में लगातार घट रही कोरोना के नए मरीजों की संख्या, जानें ताजा आंकड़ा
लखनऊ, अप्रैल 28: उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 29,824 नए मामले सामने आए हैं और 35,903 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हुए। उन्होंने बताया कि कल प्रदेश में 1,86,588 सैंपल्स की जांच की गई, अब तक प्रदेश में कुल 4,03,28,141 सैंपल्स टेस्ट किए गए हैं। प्रदेश में वैक्सीन की पहली डोज अब तक 99,75,626 लोगों को दी जा चुकी है, जबकि वैक्सीन की दूसरी डोज अब तक 21,13,088 लोगों को दी जा चुकी है।

यूपी में 30-35 फीसदी बढ़ा ऑक्सीजन का इस्तेमाल: स्वास्थ्य मंत्री
उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने बताया कि ऑक्सीजन का इस्तेमाल 30-35 फीसदी बढ़ चुका है। प्रधानमंत्री के कहने पर ऑक्सीजन की आपूर्ति को बढ़ाया भी गया है। उन्होंने कहा, 'हमारे पास जो 751 मीट्रिक टन ऑक्सीजन आ रही है, उसे हम सभी अस्पतालों में भेज रहे हैं।' बता दें, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में ऑक्सीजन की सप्लाई करने के लिए कंट्रोल रूप शुरू किया गया है, जो 24 घंटे काम करेगा। इस कंट्रोल रूप से प्रत्येक जिले को ऑक्सीजन की व्यवस्था की जा रही है।
कल प्रदेश में 600 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की सप्लाई की गई: अवनीश अवस्थी
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बुधवार को बताया कि प्रदेश में मंगलवार को रिकॉर्ड ऑक्सीजन की सप्लाई की गई है। लगभग 600 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की सप्लाई की गई है। 321 मीट्रिक टन की सप्लाई FSDA के माध्यम से सीधे अस्पतालों और रिफिल सेंटर्स को हुई है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार से कल 5 नए बड़े टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं। लगभग 70 मीट्रिक टन के ये टैंकर बंगाल में एयर फोर्स बेस पर लैंड करा दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications