यूपी में रिकॉर्ड एक दिन में 113 कोरोना संक्रमितों की मौत, 6895 नए मामले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना का संक्रमण अब घातक रूप ले चुका है। रोज 5 हजार के ज्यादा पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं। वहीं, कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में रिकॉर्ड एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। प्रदेश में एक दिन में 113 संक्रमित दम तोड़ चुके हैं, जबकि 6,895 नए मामले सामने आए हैं। अब तक संक्रमित लोगों में से 4,606 लोगों की मृत्यु हुई है।

यूपी में कोरोना के 67,335 एक्टिव केस
उत्तर प्रदेश में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने मंगलवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6 हजार 895 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, एक्टिव मामलों की कुल संख्या 67 हजार 335 है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2,52,097 लोग पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में 35 हजार 293 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 1 लाख 61 हजार 273 लोगों ने होम आइसोलेशन का विकल्प लिया है, जिसमें से 1 लाख 25 हजार 980 का होम आइसोलेशन की अवधि समाप्त हो चुकी है। यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि प्रदेश में कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 20,097 हो गई है। जिनमें लगभग 15,77,000 मकान चिन्हित हैं, जिनमें 88,86,000 लोगों को चिन्हित किया गया है।
अंबेडकर नगर में भाजपा नेता की कोरोना से मौत
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में कोरोना के संक्रमण की चपेट में आने से युवा जिला पंचायत सदस्य और भाजपा नेता दीपक तिवारी का इलाज के दौरान निधन हो गया। 33 वर्षीय दीपक की 5 दिन पहले ही कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। सांस लेने में समस्या होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। डॉक्टरों ने दीपक को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। भाजपा नेता की मौत से पार्टी में शोक की लहर है।












Click it and Unblock the Notifications