यूपी पंचायत चुनाव: नए मतदाताओं को जोड़ने से लेकर वोटर लिस्ट के प्रकाशन तक के कार्यक्रम जारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव पर राज्य निर्वाचन आयोग ने कार्यक्रम जारी किया है जिसके तहत एक अक्टूबर से बूथ लेवल ऑफिसर मतदाताओं के घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे। इस अभियान में 18 साल पार कर चुके नए वोटरों को जोड़ा जाएगा। साथ ही उन मतदाताओं को लिस्ट से हटाया जाएगा जिनका देहांत हो चुका है या फिर जो अन्यत्र कहीं के मतदाता हो चुके हैं। जिनके डुप्लीकेट आईडी बने हैं, उनमें भी संशोधन किया जाएगा। 29 दिसंबर को वोटर लिस्ट प्रकाशित कर दिया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने पंचायत चुनाव को लेकर इन कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी की है।

अपर निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने इस बारे में बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे और मतदाताओं की लिस्ट तैयार करेंगे। मतदाता बनने के लिए 1 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। ऑनलाइन मिले आवेदन की जांच भी बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट http://sec.up.nic.in/site/ पर जाकर वोटर बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। 13 नवंबर से 5 दिसंबर के बीच मतदाताओं की सूची की सॉफ्ट कॉपी तैयार की जाएगी। 6 दिसंबर को ऑनलाइन इसको प्रकाशित कर दिया जाएगा। 6 दिसंबर से 12 दिसंबर के बीच मतदाता इस लिस्ट में अपने नाम समेत अन्य तथ्यों की जांच कर सकेंगे और संशोधन के लिए भी दावे कर सकेंगे। 13 दिसंबर से 19 दिसंबर के बीच सूची की खामियों को दूर करने का काम किया जाएगा। 29 दिसंबर को फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन किया जाएगा।
29 दिसंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम की सूची पर एक नजर-
15 सितंबर-30 सितंबर
बीएलओ और पर्यवेक्षकों को उनका कार्यक्षेत्र आवंटित किया जाएगा।
1 अक्टूबर-12 नवंबर
घर-घर जाकर मतदाताओं के सर्वेक्षण का काम चलेगा।
1 अक्टूबर-5 नवंबर
मतदाता बनने के लिए लोग ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
6 नवंबर-12 नवंबर
घर पर जाकर ऑनलाइन आवेदनों की जांच।
13 नवंबर-5 दिसंबर
वोटर लिस्ट की सॉफ्ट कॉपी तैयार की जाएगी।
6 दिसंबर
वोटर लिस्ट को ऑनलाइन प्रकाशित किया जाएगा।
6 दिसंबर-12 दिसंबर
वोटर लिस्ट में संशोधन के लिए दावे और आपत्तियों को प्राप्त किया जाएगा।
13 दिसंबर-19 दिसंबर
दावे और आपत्तियों के आधार पर वोटर लिस्ट में संशोधन किया जाएगा।
20-28 दिसंबर
संशोधित वोटर लिस्ट को तैयार किया जाएगा।
29 दिसंबर को इस फाइनल लिस्ट का प्रकाशन कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications