अमित शाह के बाद यूपी बीजेपी चीफ स्वतंत्र देव सिंह कोरोना पॉजिटिव, होम क्वारंटाइन हुए
लखनऊ। गृह मंत्री अमित शाह के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी कोरोना पॉजिविट हो गए हैं। रविवार की शाम स्वतंत्र देव सिंह ने खुद अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'मुझे कोरोना के शुरुआती लक्षण दिख रहे थे जिसके चलते मैंने अपनी कोविड-19 की जांच कराई। जांच में मेरी रिपोर्ट कोरोना पॉज़िटिव आई है। मुझसे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से मेरा निवेदन है कि वह गाइडलाइन के अनुसार स्वयं को क्वारंटाइन कर ले और आवश्यकता अनुसार अपनी जांच करा ले।'
Recommended Video

एक अन्य ट्वीट में स्वतंत्र देव सिंह ने लिखा, ''डॉक्टर की सलाह पर मैं वर्तमान में अपने आवास पर होम क्वारंटाइन हूं। मेरा सभी प्रदेश्वासियों से निवेदन है कि पूरी सावधानी बरतें और सरकार की गाइडलाइन का सख़्ती से पालन करे।'' इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने एक ट्वीट कर अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी। गृह मंत्री ने लिखा, 'कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं।'
बता दें, रविवार को ही उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण का निधन हो गया। 18 जुलाई को कैबिनेट मंत्री की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद से उनका इलाज चल रहा था। वह लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में भर्ती थीं। स्वतंत्र देव सिंह ने कमल रानी के निधन पर रविवार सुबह ही ट्वीट कर दुख जताया था। स्वतंत्र देव ने ट्वीट में लिखा था, 'प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री श्रीमती कमलरानी 'वरुण' जी के आकस्मिक निधन की सूचना हृदय विदारक है। सतत परिश्रम से उन्होंने राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे और उनके परिजनों को इस वज्राघात सहने की शक्ति प्रदान करे।'












Click it and Unblock the Notifications