Lucknow: ड्राइवर को अचानक पड़ा मिर्गी का दौरा, ट्रक हुआ अनियंत्रित और 2 को रौंद दिया, दर्दनाक मौत
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक ट्रक ड्राइवर को मिर्गी का दौरा पड़ने की वजह से भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लोगों पर चढ़ गया और रौंदते हुए एक डाले में टक्कर मार दी। इस हादसे में 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई तो वहीं एक अन्य घायल हो गया है।
बता दें कि यह हादसा लखनऊ के गोसाईगंज अंतर्गत गंगागंज बाजार में हुआ है। बताया जा रहा है कि गंगागंज चौराहे पर नई बस्ती निवासी यूसुफ कुरैशी (60) गांव के ही मोहम्मद नसीब अली उर्फ सन्ने (75) के साथ आइसक्रीम के हाफ डाले के पास खड़े थे। तभी लखनऊ से सुल्तानपुर की तरफ जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े यूसुफ को रौंदते हुए हाफ डाले और बुजुर्ग नसीब को टक्कर मार दी।

हादसे में 2 की मौत
इस हादसे में यूसुफ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजस्थान निवासी आइसक्रीम विक्रेता अनूप पंडित और नसीब गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज अजीत पांडेय ने घायलों को इलाज के लिए तत्काल सीएचसी पहुंचाया, जहां मौजूद डॉक्टरों ने नसीब को मृत घोषित कर दिया। घायल अनूप को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

ट्रक चालक को पड़ा मिर्गी का दौरा
पुलिस की मानें तो ट्रक चालक को मिर्गी का दौरा पड़ने के चलते हादसा हुआ है। फिलहाल ट्रक और चालक पुलिस के कब्जे में है। वहीं, इस हादसे के बाद से ड्राइविंग लाइसेंस बनने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि ड्राइविंग लाइसेंस बनते समय व्यक्ति का पूरा मेडिकल चेकअप होना चाहिए और समय-समय पर इसको अपडेट करते रहना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications