यूपी विधानसभा सचिवालय के 20 कर्मचारी निकले कोरोना संक्रमित, मानसून सत्र से पहले विधायकों की होगी जांच
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच विधानसभा का मानसून सत्र 20 अगस्त से शुरू करने की तैयारी चल रही है। इससे पहले विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों की कोरोना जांच की गई जिसमें से 20 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। विधानसभा से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को हुई कोरोना जांच में 20 कर्मचारियों को पॉजिटिव पाया गया है। अभी कई कर्मचारियों की कोरोना टेस्टिंग की जानी है। मंगलवार को कोरोना जांच का काम जारी रहेगा। वहीं विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने विधायकों को भी कोरोना टेस्टिंग कराने के आदेश दिए हैं।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने जताई चिंता
सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने महामारी काल में मानसून सत्र पर चर्चा करने के लिए विधायकों की वर्चुअल मीटिंग बुलाई थी जिसमें सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सरकार से विधायकों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा। विधानसभा सचिवालय ने जरूरी कदम उठाते हुए कैंटीन को बंद रखने का फैसला लिया है। वहीं पूर्व विधायकों और सांसदों के एंट्री पास को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। इस बार दर्शकों को आने की अनुमति नहीं मिलेगी।
सत्र के पहले दिन दी जाएगी श्रद्धांजलि
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने तीन दिन तक चलने वाले इस मॉनसून सत्र के बारे में बताया कि नियम के मुताबिक छह महीने के अंदर सत्र बुलाना जरूरी है। सत्र के पहले दिन उन विधायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी जिनका हाल में निधन हुआ है। इसके अगले दो दिन विधायी कार्य होंगे। सत्र शुरू होने से पहले सभी विधायकों की कोरोना टेस्टिंग की जाएगी जो मंगलवार से शुरू होगी। विधायकों को हिदायत दी गई है कि सत्र के दौरान वे लॉबी में नहीं आएंगे। कुछ विधायकों को ही विधानसभा के सेंट्रल हॉल में प्रवेश की इजाजत होगी।
मानसून सत्र के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया जाएगा। दो विधायकों के बीच वाली सीट खाली रहेगी। एक सीट छोड़कर सभी विधायक बैठेंगे। लॉबी और दर्शक दीर्घा में भी विधायकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। जब तक सत्र चलेगा तब तक सैनिटाइजेशन की जाएगी। सत्र चलने के दौरान भी विधायकों और कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications