'हम 2024 की तैयारी में लगेंगे...,' योगी सरकार में मंत्री बनने के बाद बोले संजय निषाद
लखनऊ, 25 मार्च: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद संजय निषाद ने कहा कि हम जनता और शीर्ष नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरेंगे, मैं जनता को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि हम 2024 की तैयारी में लगेंगे जिससे सामाजिक न्याय दिला सकें। निषाद पार्टी के मुखिया डॉ. संजय निषाद भी योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं। बता दें, संजय निषाद का राजनीतिक कद 2015 में सहजनवा के कसरवल कांड से बना था, जब उन्होंने अनुसूचित जाति के आरक्षण के लिए आंदोलन किया था। रेलवे ट्रैक जाम कर सरकारी नौकरियों में निषादों के आरक्षण की मांग करने वाला यह आंदोलन हिंसक हो गया था।

संजय निषाद ने 2013 में निषाद पार्टी का गठन किया था। इससे पहले 2002 में उन्होंने पूर्वांचल मेडिकल इलेक्ट्रो होम्योपैथी एसोसिएशन बनाई थी और 2008 में आल इंडिया बैकवर्ड एंड माइनारिटी वेलफेयर मिशन और शक्ति मुक्ति महासंग्राम जैसी संस्थाएं भी। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में पहली बार निषाद पार्टी ने पीस पार्टी के साथ समझौता कर चुनाव लड़ा। गठबंधन के तहत निषाद पार्टी ने 72 सीटों पर प्रत्याशी उतारे, लेकिन जीत सिर्फ ज्ञानपुर सीट पर विजय मिश्रा को मिल सकी। इस चुनाव में डॉ. संजय निषाद को गोरखपुर ग्रामीण सीट से हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें सिर्फ 34,869 वोट मिले थे।
वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने गोरखपुर लोकसभा सीट से इस्तीफा दे दिया। गोरखपुर सीट पर हुए उप चुनाव में संजय निषाद ने सपा से गठबंधन कर अपने बेटे प्रवीण निषाद को चुनाव लड़ाया और भाजपा को हराकर बेटे को संसद पहुंचा दिया। इसके बाद वर्ष 2019 से पहले वह बीजेपी में शामिल हो गए। भाजपा ने प्रवीण निषाद को संतकबीर नगर जिले से टिकट दिया। वह संतकबीर नगर से सांसद चुने गए। साथ ही भाजपा ने डॉ. संजय निषाद को विधान परिषद में पहुंचाया। निषाद पार्टी का राजनीतिक ग्राफ बीजेपी के साथ जुड़ने के बाद बढ़ा। इस बार भाजपा के साथ चुनाव लड़कर 15 में से उसके 11 उम्मीदवार जीते। संजय निषाद इस बार योगी कैबिनेट में मंत्री पद पा गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications