रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने लखनऊ में 3 नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना
लखनऊ, 06 जनवरी: रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार लखनऊ में तीन नई ट्रेनों के शुभारंभ और गोमतीनगर स्टेशन के नए कोचिंग काम्पलेक्स का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान रेलमंत्री ने कांग्रेस और सपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने देश को बहुत प्रधानमंत्री दिए। एक बड़ा परिवार है। जो हमेशा उत्तर प्रदेश को अपना साम्राज्य समझता था, इनमें कोई डरकर साउथ की ओर भाग गए। उस परिवार ने आपसे वोट लिया, लेकिन दिया कुछ नहीं।

'तेजी से विकास मोदी और योगी की डबल इंजन की सरकार ही कर सकती है'
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का विकास हो रहा है। सबको साथ लेकर काम हो रहा है। करीब 97 हजार करोड़ रुपए के रेलवे के काम आज उत्तर प्रदेश में हो रहे हैं। हर स्टेशन पर कोई काम हो रहे हैं। यह तेजी से विकास मोदी और योगी की डबल इंजन की सरकार ही कर सकती है।
रेलमंत्री ने पूर्व की सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले केवल वादे होते थे। केवल योजनाओं का शिलान्यास होता था। पहले परियोजनाएं कागजों पर ही होती थीं, अब काम जमीन पर होता है। लखनऊ से नौजवान देश के कोने-कोने में काम के लिए जाते हैं। वहीं, बाहर से भी लोग लखनऊ की विरासत, संस्कृति और तहजीब का आनंद लेने लखनऊ आते हैं।
उन्होंने कहा कि गोमतीनगर एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। इसका पुनर्विकास नए सिरे से हो रहा है। प्रधानमंत्री का विजन है कि स्टेशन का जो भी काम हो वह अगले 50 वर्षों को ध्यान में रखकर किया जाए। साधारण व्यक्ति वर्ल्ड क्लास स्टेशन की सुविधा ले सके, यही प्रधानमंत्री की सोच है। रेलमंत्री ने कहा कि छोटे किसान, कारोबारी अपने उत्पाद छोटे कंटेनर से दूर भेज सके। इसके लिए ढाई टन के नए कंटेनर की व्यवस्था की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications