आसमान छू रहे हैं सब्जियों के दाम, प्रियंका बोलीं- झूठे प्रचार पर खर्च किए करोड़ों रुपए, जनता की परेशानियों पर चुप है BJP
लखनऊ। आसमान छू रहे सब्जियों के दाम ने लोगों के किचन का बजट बिगाड़ दिया है, जिससे आम लोगों के लिए परेशानियां और बढ़ गई है। आलम यह है कि प्याज के साथ ही आलू और टमाटर भी अब रुलाने लगे हैं। प्याज बाजारों में 70 से 80 रुपए किलो बिक रहे हैं तो आलू 50 रूपए किलो। टमाटर के दाम भी 60 के पार है। वहीं, अब कांग्रेस ने सब्जियों के बढ़े दाम को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पूछा कि जनता की परेशानियों पर सरकार चुप क्यों है?
उत्तर प्रदेश प्रभारी व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार (27 अक्टूबर) को एक चार्ज ट्वीट करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने लिखा, 'पूरे उप्र में त्यौहारों के मौसम में महंगाई आम लोगों पर कहर बनकर टूट पड़ी है। सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। काम धंधे पहले से ठप्प पड़े हैं। लेकिन करोड़ों रुपए झूठे प्रचार में खर्च करने वाली भाजपा सरकार जनता की परेशानियों पर चुप है।'
दरअसल, बीते कुछ दिनों में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। जो आलू कभी 10 रुपए किलो बिकता था, अब वह 60 रुपए किलो हो गया है। टमाटर 60 रुपए किलो बिक रहा है। प्याज भी 80 रुपए किलो पहुंच गया है। हरी सब्जियों की बात करें तो बैगन 40 रुपए, परवल 80 रुपए, मटर 140 रुपए, भिंडी 50 रुपए, गोभी 60 किलो बिक रही है। इसके अलावा लहसुन 200 रुपए, तोरई 40 रुपए, शिमला मिर्च 120 रुपए, पालक 40 रुपए, करेला 60 रुपए, और अरबी 50 रुपए किलो बिक रही है।
पूरे उप्र में त्यौहारों के मौसम में महंगाई आम लोगों पर कहर बनकर टूट पड़ी है। सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। काम धंधे पहले से ठप्प पड़े हैं।
लेकिन करोड़ों रुपए झूठे प्रचार में खर्च करने वाली भाजपा सरकार जनता की परेशानियों पर चुप है। pic.twitter.com/dRgpXS65U5
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) October 27, 2020
सब्जियों के दामों में अचानक आई उछाल के पीछे सप्लाई कम होने की वजह बताई जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि सप्लाई कम होने से सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं। उधर सब्जी खरीदारों का मानना है कि उनकी थाली से हरी सब्जी गायब हो रही है। जिस तरह से सब्जियों के दाम बढ़ते जा रहे हैं उस तरह से उनकी थालियों में सब्जी कम होती जा रही।