UP में बिजली कनेक्शन लेना हुआ सस्ता, नई दरें 8 जुलाई से लागू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए नया बिजली कनेक्शन लेना अब सस्ता हो गया है। बिजली विभाग ने नए कनेक्शन पर सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए सिस्टम लोडिंग चार्ज पूरी तरह से खत्म कर दिया। साथ ही मीटर की कीमतों को भी घटा दिया गया है, जिसके कारण आम लोगों के अलावा उद्योगों को भी लाखों रुपये की बचत हो सकेगी। बता दें कि नई दरें 8 जुलाई से लागू होंगी।

मीडिया खबरों के अनुसार, राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष आरपी सिंह व सदस्य केके शर्मा ने बुधवार को नई कॉस्ट डाटा बुक का आदेश जारी कर दिया। इसमें घरेलू ग्रामीण, किसानों व छोटे विद्युत उपभोक्ताओं के सिक्योरिटी व प्रोसेसिंग फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है लेकिन बड़े विद्युत उपभोक्ताओं की सिक्योरिटी राशि में मामूली बढ़ोत्तरी की है। आयोग के फैसले में बड़े बिजली उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सिक्योरिटी राशि जमा कराने के मामले में अब दो महीने के बिल के स्थान पर मात्र 45 दिन की व्यवस्था लागू होगी, क्योंकि बिलिंग अब दो माह के स्थान पर अब एक माह पर आधारित है।
50 रुपये से लेकर 30 लाख रुपये तक का होगा फायदा
अभी तक 5 किलोवॉट से ज्यादा लोड लेने वाले उपभोक्ताओं को प्रति किलोवाट 50 रुपये सिस्टम लोडिंग चार्ज देना पड़ता था। सिस्टम लोडिंग चार्ज खत्म होने की वजह से नया कनेक्शन के लिए अप्लाई करने वाले बड़ी इंडस्ट्री के उपभोक्ताओं को 30 लाख रुपये तक की बचत होगी। बड़े इंडस्ट्रियल कनेक्शनों पर लाखों रुपये सिस्टम लोडिंग चार्ज वसूला जाता था। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने इसका विरोध किया था। इसके बाद सिस्टम लोडिंग चार्ज को खत्म किया गया।
40 मीटर तक मुफ्त कनेक्शन
कॉस्ट डाटा बुक में संशोधन करते हुए यह प्रावधान कर दिया गया है कि अगर एलटी वितरण लाइन के आगे 40 मीटर तक 2 उपभोक्ता एक साथ यदि विद्युत का कनेक्शन मांगेंगे। तो उन्हें विभाग द्वारा एक खंभे की लाइन 40 मीटर की परिधि तक फ्री में बनाकर दी जाएगी। पहले यह व्यवस्था 3 कनेक्शन पर लागू थी।












Click it and Unblock the Notifications