UP Police और NSG की टीम लखनऊ में अलग-अलग जगहों पर करेगी मॉक ड्रिल, सामना हो तो डरें नहीं
अगर आप प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रहते हैं तो आपको 2 दिन सावधान रहने की जरूरत है। यूपी पुलिस के आला अधिकारियों द्वारा सूचना जारी करते हुए कहा गया है कि बुधवार और गुरुवार को राजधानी लखनऊ के विभिन्न भीड़-भाड़ वाले इलाकों में यूपी पुलिस और एनएसजी की टीम द्वारा आतंकी घटनाओं से निपटने को लेकर मॉक ड्रिल किया जाएगा।
ऐसे में अधिकारियों की ओर से यह भी कहा गया है कि अगर आप किसी भीड़भाड़ वाले इलाके से गुजर रहे हैं और वहां एनएसजी कमांडो और पुलिसकर्मी किसी आतंकी घटना को नाकाम करने के लिए रिहर्सल कर रहे हैं तो आपको डरने की जरूरत है। पुलिस अधिकारियों की ओर से जारी सूचना में यह भी कहा गया है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं।

दरअसल, उत्तर प्रदेश विधान भवन इलाका नो फ्लाइंग जोन में आता है। ऐसे में मंगलवार की दोपहर में अचानक विधान भवन के ऊपर आसमान में वायु सेना का हेलीकॉप्टर उड़ता हुआ दिखाई दिया। हेलीकॉप्टर उड़ता हुआ दिखाई देने के बाद लोग सहम गए। काफी देर तक लोग हेलीकॉप्टर को ही देखते रहे।
विधान भवन के ऊपर से उड़ते हुए हेलीकॉप्टर थोड़ी ही देर में कैंट क्षेत्र की तरफ चला गया। इसे लेकर भी लोगों के अंदर सुगबुगाहट चलती रही। हालांकि अधिकारियों द्वारा बताया गया कि आतंकी घटना से निपटने के लिए किए जाने वाले मॉक ड्रिल के लिए मंगलवार को वायु सेना का हेलीकॉप्टर एमआई-17 लखनऊ पहुंचा था।
इस मामले में सूचना जारी करते हुए एडीजी एलओ उपेंद्र अग्रवाल द्वारा बताया गया कि राजधानी लखनऊ में बुधवार और गुरुवार को अलग-अलग इलाकों में आतंकी घटनाओं से निपटने के लिए मॉक ड्रिल किया जाएगा। यह भी बताया गया कि इस मॉक ड्रिल में यूपी पुलिस के जवानों के साथ ही नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) कमांडो और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी शामिल हो सकती हैं।
एडीजी एलओ द्वारा जारी सूचना में यह भी कहा गया है कि यदि आप लखनऊ में किसी स्थान से गुजर रहे हैं और अचानक आपके सामने कमांडो किसी का पीछा करते हुए दिखाई दे या फिर किसी आतंकी घटना को नाकाम करते हुए नजर आ रहे हैं तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है।
मॉक ड्रिल पूरा होने के बाद आला अधिकारियों द्वारा इसकी समीक्षा की जायेगी। समीक्षा के दौरान रिस्पांस टाइम और अन्य चीजों पर भी चर्चा होगी। जहां भी कोई कमी मिलेगी उसे तुरंत दुरुस्त किया जाएगा। कुल मिलाकर किसी भी आपात स्थिति के दौरान घटना पर कितनी जल्दी और कितनी तेजी से काबू पाया जा सकता है, इसका भी मॉक ड्रिल में आकलन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications