रेप के आरोपी को पकड़ने आई पुलिस टीम ने महिला पर तान दी पिस्टल, जानिए पूरा मामला
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज में रेप के आरोपित को गिरफ्तार करने आई कन्नौज पुलिस और राहगीरों के बीच जमकर हंगामा हुआ। हंगामें की सूचना पर पहुंची हजरतगंज थाने की पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ थाने ले आईं। दरअसल, कन्नौज थाने की पुलिस सिविल ड्रेस में एक रेप के आरोपी को गिरफ्तार करने आई थी। इस दौरान आरोपित की पत्नी व बेटा अपहरणकर्ताओं से भिड़ गये। विरोध होते देख एक व्यक्ति ने महिला के सीने से पिस्टल सटाते हुए पीछे हटने के लिए कहा पर महिला डटी रही। जीपीओ चौराहे पर युवकों और महिला के बीच झगड़ा होते देख राहगीर भी मदद के लिए दौड़ पड़े।

जानकारी के मुताबिक, कन्नौज के सौरिख स्थित बालिका इंटर कॉलेज के प्रबंधक दिनेश गुप्ता के खिलाफ जून में नाबालिग से रेप का मुकदमा दर्ज हुआ था। कोर्ट से खिलाफ कुर्की का आदेश जारी होने के बाद से फरार चल रहे आरोपित पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। तलाश के दौरान दिनेश के लखनऊ के गोमतीनगर के विवेकखंड में होने की सूचना मिला। पुख्ता जानकारी पर सौरिख थाने के एसएसआई बृजभान सिंह दो सिपाहियों को लेकर लखनऊ पहुंचे।
पत्नी के साथ रेस्तरां में खाते वक्त पकड़ा गया आरोपी
टीम ने रात करीब आठ बजे हजरतगंज स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्नी के साथ खाना खा रहे आरोपित को पकड़ लिया। सादे कपड़ों में आए पुलिस कर्मी आरोपित को घसीटकर गाड़ी में बैठाने लगे। आरोप है कि इस दौरान पत्नी के विरोध करने पर एसएसआई ने पिस्टल तानने के साथ ही धक्का दे दिया। सादे कपड़ों में होने के कारण पुलिस टीम को बदमाश समझ लोगों ने घेर लिया और पीटने के साथ पुलिस को फोन किया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर हजरतगंज राधा रमण सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर हंगामे के बाद पुलिस दोनों पक्षों का पकड़कर थाने ले गई। बता दें कि इसके बाद कन्नौज पुलिस आरोपित को साथ लेकर चली गई।
ये भी पढ़ें:- बच्चा चोर समझकर विक्षिप्त महिला को भीड़ ने सड़क पर घसीटा, बुरी तरह पीटा