यूपी से राहत की खबर, 33 जिलों में कोरोना वायरस का कोई एक्टिव केस नहीं
लखनऊ, 10 सितंबर: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार कोरोना वायरस पर लगभग नियंत्रण पा चुकी है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के महज 10 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 67 जिलों में कोरोना का कोई नया केस नहीं मिला। इस दौरान 16 लोग ठीक हुए हैं। प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या अब 191 रह गई है। 33 जिलों में कोई भी एक्टिव केस नहीं बचा है। ये जिले अब कोरोना मुक्त हो चुके हैं।

ये 33 जिले हुए कोरोना मुक्त
यूपी के जो जिले पूरी तरह से कोरोना मुक्त हो गए हैं, उनमें अलीगढ़. अमरोहा, अयोध्या, बागपत, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बस्ती, बहराइच, भदोही, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, ईटा, गाजीपुर, गोंडा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, कासगंज, कौशांबी, ललितपुर, महोबा, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, शामली, सिद्धार्थनगर और सोनभद्र शामिल है। कोविड-19 प्रबंधन के लिए गठित टीम-9 के साथ बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सतत समन्वित, नियोजित प्रयासों से कोरोना की दूसरी लहर पर बने प्रभावी नियंत्रण के बीच जनजीवन तेजी से सामान्य हो रहा है। देश के अन्य राज्यों के सापेक्ष उत्तर प्रदेश में स्थिति बहुत बेहतर है। आज प्रदेश के 33 जिलों में कोविड का एक भी एक्टिव केस नहीं है। विगत दिवस हुई कोविड टेस्टिंग में 67 ज़िलों में संक्रमण का कोई भी नया केस नहीं मिला। वर्तमान में 191 संक्रमितों का उपचार हो रहा है। उन्होंने बताया कि औसतन हर दिन सवा दो लाख से ढाई लाख तक टेस्ट हो रहें हैं, जबकि पॉजिटिविटी दर 0.01 से भी कम हो गई है और रिकवरी दर 98.7 फीसदी है।
8.39 करोड़ से अधिक लोग करवा चुके हैं वैक्सीनेशन
बता दें, प्रदेश में 8.39 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। इनमें से 7.01 करोड़ से ज्यादा लोग ऐसे हैं, जिन्हें वैक्सीन की कम से कम एक डोज लग चुकी है। सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य यूपी देश का पहला राज्य है, जहां इतने ज्यादा लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इसके बाद महाराष्ट्र है, जहां 6.55 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगी है।बता दें, गुरुवार को लखनऊ के केजीएमयू में एक मरीज की कोविड से मौत हुई थी। केजीएमयू के लिंब कोविड सेंटर में गोरखपुर के रहने वाले एक मरीज ने दम तोड़ा था। मरीज की उम्र 64 साल थी।












Click it and Unblock the Notifications