लखनऊ के lulu mall में पढ़ी गई नमाज, VIDEO वायरल होने के बाद हिंदू महासभा ने दी ये चेतावनी
लखनऊ, 14 जुलाई: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 11 जुलाई को लुलु मॉल का उद्घाटन हुआ। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मॉल के उद्घाटन में पहुंचे थे। उद्घाटन के साथ ही यह मॉल चर्चा में है और अब विवादों में भी घिरता नजर आ रहा है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लुलु मॉल के अंदर कुछ लोग नमाज अदा करते दिख रहे हैं।

हिंदू महासभा ने दी ये चेतावनी
वायरल वीडियो के मुताबिक, मॉल के अंदर कुछ लोग जमीन पर बैठकर नमाज अदा कर रहे हैं। मामला बुधवार का बताया जा रहा है। इसको लेकर अब अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने चेतावनी जारी की है। हिंदू महासभा ने कहा है, "अगर मॉल में दोबारा नमाज पढ़ी गई तो महासभा मॉल के अंदर सुंदरकांड का पाठ होगा।" इसके साथ ही हिंदू महासभा ने लोगों से मॉल के बॉयकॉट करने की अपील की है और वहां से सामान खरीदने के लिए मना किया है।

संगठन नेता बोले- ये मॉल पहले भी इसी तरह के कारनामों के लिए चर्चा में रहा है
हिंदू महासभा ने हर उस मॉल पर कार्रवाई की मांग की है, जिसे मस्जिद की तरह इस्तेमाल करने की कोशिश हो रही है। हिंदू महासभा का कहना है कि लुलु मॉल पहले भी ऐसे विवादों में रह चुका है। संगठन नेता शिशिर चतुर्वेदी ने कहा कि ये मॉल पहले से ही इसी तरह के कारनामों के लिए चर्चा में रहा है। अब यूपी में भी वही कर रहा है।

मॉल की तरफ से आई सफाई, जानिए क्या कहा?
विवाद पर लुलु मॉल की तरफ से सफाई आई है। मॉल की ओर से कहा गया है, ''हमें इस वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हम उन लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। मॉल के अंदर हम इस बात की इजाजत बिल्कुल नहीं देते हैं।'' बता दें, यूपी की राजधानी लखनऊ में 22 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में फैले लुलु मॉल का उद्घाटन 11 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। गोल्फ सिटी के अमर शहीद पथ से सटे लुलु मॉल में देश के कुछ सबसे बड़े ब्रांड हैं, जिनमें लुलु हाइपरमार्केट, लुलु फैशन स्टोर और लुलु कनेक्ट शामिल हैं। इसके अलावा 15 रेस्तरां और कैफे हैं।












Click it and Unblock the Notifications