जेटली के निधन पर बोले मुलायम सिंह यादव, उनके भाषण नींव का पत्थर साबित होंगे
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन को बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि वे कुशल वक्ता और कानून के बड़े जानकार थे। सांसद के रूप में उनके भाषण नींव का पत्थर साबित होंगे। कहा कि दूसरे दल में रहते हुए भी वे हमारे घनिष्ठ थे। उन्हें लंबे समय तक याद किया जाएगा।
अंतिम दर्शन के लिए पार्टी मुख्यालय पर रखा गया पार्थिव शरीर
बता दें कि पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री और राज्यसभा सांसद अरुण जेटली का शनिवार को एम्स में दोपहर 12 बजकर 07 मिनट पर निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार रविवार को निगम बोध घाट पर दोपहर 2.30 बजे किया जाएगा। वहीं बीजेपी कार्यकर्ता और अन्य लोग अरुण जेटली के अंतिम दर्शन कर सकें, इसके लिए आज सुबह 10 बजे उनका पार्थिव शरीर पार्टी मुख्यालय में रखा जाएगा।
डेढ़ साल से थी तबीयत खराब
अरुण जेटली का पिछले साल एम्स में किडनी का प्रतिरोपण हुआ था। उस समय रेल मंत्री पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गयी थी। पीयूष गोयल ने ही तब बजट पेश किया था। जेटली की तबीयत करीब डेढ़ साल से खराब थी। खराब सेहत के कारण ही उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखकर कैबिनेट में शामिल ना करने की अपील की थी।
9 अगस्त से एम्स में भर्ती थे
अरुण जेटली 9 अगस्त से भर्ती अरुण जेटली का हाल जानने के लिए सिर्फ सत्ता पक्ष के नेता ही नहीं बल्कि विपक्षी दल के तमाम नेता भी एम्स पहुंचे थे। पीएम मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वैंकैया नायडू, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंचे थे। जेटली के निधन पर राजनीतिक दलों के तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
ये भी पढ़ें:- जेल में काफी बदल गए डेरा प्रमुख राम रहीम, सब्जियां उगाकर की 18 हजार रुपये की कमाई