Lucknow to Srinagar Flight: पहलगाम आतंकी हमले के बाद बंद विमान सेवा फिर शुरू, सीधी उड़ान से यात्रा होगी आसान
Lucknow to Srinagar flight: लखनऊ से श्रीनगर जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 1 जुलाई से दोनों शहरों के बीच इंडिगो की सीधी फ्लाइट सेवा फिर से शुरू की जा रही है। यह सेवा मई में बंद कर दी गई थी।
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आई थी। इसके चलते एयरलाइंस को घाटा हुआ और पांच मई से सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी। अब दोबारा इसकी बहाली की गई है।

फ्लाइट नंबर 6E 6945 सुबह 5:20 बजे अमौसी एयरपोर्ट से रवाना होगी। यह विमान सुबह 7:15 बजे श्रीनगर पहुंचेगा। वापसी में 6E 6524 शाम 5:50 बजे श्रीनगर से उड़ान भरेगी और 7:40 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
इतने रुपए है एक तरफ का किराया
फिलहाल इस उड़ान का किराया 6999 रुपए रखा गया है। हालांकि, डायनेमिक फेयर की वजह से कीमत बढ़कर 10500 रुपए तक पहुंचने की संभावना है। इसके बावजूद यह कनेक्टिंग फ्लाइट्स से काफी सस्ती है।
श्रीनगर की अन्य कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 15000 रुपए तक पहुंच चुका है। ऐसे में सीधी फ्लाइट यात्रियों को किफायती विकल्प दे रही है। यह सेवा दो घंटे में यात्रा पूरी कर रही है, जिससे समय भी बचेगा।
यात्रियों की लगातार बढ़ रही थी डिमांड
मार्च के अंत में लखनऊ से श्रीनगर के लिए पहली बार सीधी उड़ान शुरू हुई थी। यात्रियों ने इस सेवा को हाथों-हाथ लिया था और शुरुआती 20 दिनों तक विमान पूरी तरह फुल रहा था।
लेकिन मई की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर में हालात बदलने लगे। यात्रियों की संख्या घटने लगी और यह गिरकर केवल 35 तक आ पहुंची। ऐसे में एयरलाइंस को सेवा अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ी।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
यात्रियों की फिर से बढ़ती संख्या और गर्मी की छुट्टियों के सीज़न को देखते हुए इंडिगो ने उड़ान बहाल करने का फैसला किया है। बुकिंग एक बार फिर तेज हो गई है।
लखनऊ और आस-पास के शहरों से श्रीनगर जाने वालों के लिए अब ट्रांजिट फ्लाइट की झंझट नहीं रहेगी। सीधे और तेज सफर के साथ पर्यटन और व्यापारिक यात्राएं भी आसान होंगी।
ट्रेवेल एजेंटों का कहना है कि इस सेवा के जरिए न सिर्फ पर्यटन को बल मिलेगा, बल्कि लखनऊ और कश्मीर के बीच व्यापारिक संबंध भी मजबूत होंगे। स्थानीय उत्पादों को दूसरे बाजारों तक पहुंचने का मौका मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications