Lucknow Airport: हज यात्रियों से भरे विमान में आई तकनीकी खराबी, रनवे पर दिखी चिंगारी और धुआं, मची अफरातफरी
Lucknow Airport: लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक विमान के पहिए से अचानक चिंगारी और धुआं उठने लगा। यह विमान सऊदी अरब से लौट रहा था, जिसमें हज यात्रा पूरी कर चुके 242 यात्री सवार थे। जैसे ही विमान टैक्सी-वे पर बढ़ रहा था बाएं पहिए से धुआं और चिंगारी निकलती दिखी। जिससे पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाई।
पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद कुछ ही मिनटों में एयरपोर्ट की फायर टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने फोम और पानी की मदद से आग पर काबू पाया। यात्रियों को इस बीच विमान के अंदर ही इंतजार करना पड़ा, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थिति नियंत्रण में आई और यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई। लेकिन घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों में घबराहट और डर का माहौल देखने को मिला।
हज से लौटे श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी
यह विमान शनिवार रात 11:30 बजे सऊदी अरब के जेद्दा एयरपोर्ट से रवाना हुआ था और रविवार सुबह करीब 6:30 बजे लखनऊ पहुंचा। टेकऑफ और लैंडिंग सामान्य रही, लेकिन टैक्सी-वे पर पहुंचते ही बाईं ओर के पहिए से अचानक धुआं और चिंगारी उठने लगी।
इस आपात स्थिति के दौरान यात्रियों को विमान से बाहर नहीं निकाला गया था। उन्हें पूरी घटना के दौरान अंदर ही बैठाए रखा गया। कुछ यात्रियों ने बताया कि वे डर से कांपने लगे थे, लेकिन क्रू और फायर टीम की तत्परता से हादसा टल गया।
तकनीकी खराबी के कारण हुआ ऐसा
घटना के बाद तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू की। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, पहिए की तकनीकी खामी हाइड्रॉलिक सिस्टम में लीकेज के कारण हुई थी। यह लीकेज पहिए में गर्मी और घर्षण का कारण बना, जिससे चिंगारी उठी।
इंजीनियरों की कोशिश के बावजूद शाम तक विमान की यह तकनीकी दिक्कत पूरी तरह दूर नहीं हो सकी थी। फिलहाल विमान एयरपोर्ट परिसर में ही खड़ा है और मरम्मत कार्य जारी है।
लखनऊ से जेद्दा खाली लौटता है विमान
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि सऊदी एयरलाइंस का यह विमान हज यात्रियों को लाने के लिए जेद्दा से लखनऊ आता है और फिर बिना यात्रियों के वापस लौटता है। फिलहाल विमान की उड़ान रोकी गई है और उसके उड़ान भरने का समय तकनीकी सुधार के बाद तय किया जाएगा।
हालांकि, किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई, लेकिन घटना ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है कि समय पर कार्रवाई हुई।












Click it and Unblock the Notifications