Lucknow News: बंदूक नहीं, चला तीर! CBI ऑफिस के बाहर ASI पर हमला, सामने आया सनकी हमलावर और उसकी वजह
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब घटना ने हर किसी को चौंका दिया। आमतौर पर तलवार या बंदूक की खबरें सुनी जाती हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग था। नवल किशोर रोड पर स्थित सीबीआई दफ्तर के बाहर ड्यूटी पर तैनात ASI वीरेंद्र सिंह पर एक शख्स ने अचानक धनुष-बाण से हमला कर दिया।
हमले में एक बाण सीधे ASI के सीने पर आकर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि घाव करीब 5 सेंटीमीटर गहरा है। हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए हमलावर को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

एएसआई पर तीर धनुष से हमला करने वाले सनकी हमलावर की पहचान दिनेश मुर्मु के रूप में हुई है, जो बिहार राज्य के मुंगेर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, दिनेश मानसिक रूप से अस्थिर है और उसका इतिहास भी आपराधिक रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ करने पर भड़का और तीर से कर दिया हमला?
एएसआई वीरेंद्र सिंह उस समय नवल किशोर रोड पर CBI दफ्तर के मुख्य गेट पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11:15 बजे उनकी नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी, जो गेट के पास बैठा हुआ था। जब वीरेंद्र ने उससे पूछताछ की तो वह अचानक भड़क गया और धनुष से एक के बाद एक बाण चलाने लगा।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने जब बाण चलाया तो पहला बाण सीधा वीरेंद्र के सीने में जा धंसा, लेकिन बाकी बाणों से वह किसी तरह बच गए। गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंच गए और आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिए। उसके बाद लोागें ने उसे मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया।
हमले के पीछे बताया जा रहा ये कारण
पूछताछ में जो बात सामने आई उससे पता चला है कि दिनेश मुर्मु पहले रेलवे में गैंगमैन की नौकरी करता था। वर्ष 1995 में उसने एक रेलवे अधिकारी को रिश्वत लेते हुए पकड़वाया था, जिससे उसका मामला सीबीआई तक पहुंचा था।
हालांकि, वर्ष 2000 में उसे नौकरी से निकाल दिया गया, जिसके बाद से वह मानसिक संतुलन खो बैठा। दिनेश को अब भी लगता है कि उसका मामला कोर्ट में लंबित है और इसी भ्रम में वह अक्सर सीबीआई दफ्तर के चक्कर काटता रहता है।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
यह पहली बार नहीं है जब दिनेश मुर्मु ने किसी सरकारी कर्मचारी पर हमला किया हो। वर्ष 2005 में वह दिल्ली स्थित सीबीआई कार्यालय भी पहुंचा था, जहां उसने एक पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेजा गया था।
यह भी बताया जा रहा है कि वर्ष 2015 में दिनेश जौनपुर रेलवे स्टेशन पर GRP जवान से भिड़ गया था और उसने वहां भी हमला कर दिया। इस हमले में भी वह गिरफ्तार हुआ और करीब साढ़े तीन साल तक जेल में रहा। बताया जा रहा है कि आरोपी दिनेश मुर्मु लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस ने दिनेश को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी मानसिक स्थिति का चिकित्सीय परीक्षण कराने की तैयारी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications