लखनऊ डबल मर्डर केस: बाथरूम के शीशे पर 'Disqualified Human' लिखकर मारी थी मां-भाई को गोली, दोनों हाथों पर रेजर से किए 100 से अधिक वार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सीएम आवास के पास हुए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी राजेश दत्त बाजपेई की पत्नी मालिनी बाजपेई (48) और बेटे सर्वदत्त बाजपेई (19) की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय ने बताया कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी राजेश दत्त बाजपेई की पत्नी और बेटे की हत्या किसी और न नहीं बल्कि उन्हीं की नेशनल शूटर नाबालिग बेटी ने की है। आश्चर्य की बात ये है कि लड़की ने दोनों को गोली मारने के पहले शीशे पर 'डिसक्वालीफाइड ह्यूमन' (Disqualified Human) लिखा था और बीचो-बीच एक गोली शीशे पर मारी थी।

शीशे पर लिखा था ‘डिसक्वालीफाइड ह्यूमन'
मामला लखनऊ के हाई-सिक्योरिटी जोन गौतम पल्ली थाना क्षेत्र का है। यहां सीएम आवास के पास स्थित रेलवे कॉलोनी इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। दोहरे हत्याकांड की इस सनसनीखेड वारदात के बाद पुलिस ने आरडी बाजपेई का बंगला खंगाला तो बाथरूम में एक अजीबोगरीब बात दिखी। वहां शीशे पर लाल रंग से लिखा था ‘डिसक्वालीफाइड ह्यूमन' और बीचो-बीच गोली का निशान था। आरोपी ने बताया कि उसने जैम से लिखकर खुद ही गोली मारी थी। हालांकि, उसने ऐसा क्यों लिखा? इस बारे में पुलिस ने जानकारी से इनकार किया है।

रेजर से किए थे दोनों हाथों पर 100 से अधिक वार
पुलिस आयुक्त का कहना है कि पुलिस की एक टीम आरोपी छात्रा से जानकारी ले रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस जब आरोपी छात्रा से पूछताछ कर रही थी तो उसने अपने दोनों हाथ पैंट की जेब में डाल रखे थे। हाथों को दुपट्टे से ढक भी रखा था। ऐसा लगा जैसे वह कुछ छिपाने की कोशिश कर रही है। जिसके बाद पुलिस ने उसके हाथों से दुपट्टा हटवाया तो कोहनी तक पट्टी बंधी दिखी। हथेलियों पर भी कई ताजे कट लगे हुए थे। पट्टी खुलवाकर देखा तो 100 से अधिक कट के निशान देखकर सब हैरान रह गए। पूछने पर उसने बताया कि रेजर से यह चोटें उसने खुद लगाई हैं। यह सुनकर पुलिस का माथा ठनका और उससे एक ही सवाल तरीका बदल-बदलकर पूछा गया। हालांकि, पुलिस को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी और उसने मां और भाई को गोली मारने की बात कुबूल कर ली।

राष्ट्रीय स्तर की शूटर है आरोपी
पुलिस आयुक्त ने बताया कि मां और भाई की हत्या की आरोपी राष्ट्रीय स्तर की शूटर है। वह 10 मीटर पिस्टल इवेंट में हिस्सा लेती थी। वर्ष 2014 में उसने पश्चिम बंगाल रायफल एसोसिएशन कोलकाता की तरफ से आयोजित 57वीं नेशनल शूटिंग चैम्पियनशिप कंपटीशन में हिस्सा लिया था। वह लोरेटो स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा है। उसका भाई सर्वदत्त गोमीतनगर के संस्कृत विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई कर रहा था।
Recommended Video

चार घंटे में पुलिस ने किया डबल मर्डर का खुलासा
लखनऊ पुलिस ने 4 घंटे में इस डबल मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया। पुलिस ने बताया कि पूरे घटनाक्रम में तीन गोलियां चली हैं। पहली गोली शीशे पर मारी गई। इसके अलावा दूसरी और तीसरी गोली मां और भाई को मारी गई। पुलिस का कहना है कि लड़की की मनोदशा ठीक नहीं थी। लड़की ने बाथरूम के शीशे पर Disqualified Human लिखा और उस पर पहली गोली मारी।












Click it and Unblock the Notifications