'ड्यूटी लगवाने के लिए मुंशी मांगता है 3000 रु घूस', यूपी पुलिस के सिपाही की चिट्ठी वायरल
लखनऊ। सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे की पोल खोलने वाली तीन पन्ने की एक चिट्ठी वायरल हुई है जिसे एक सिपाही ने लिखी है। सिपाही ने इस चिट्ठी में आरोप लगाया है कि ड्यूटी करने के बावजूद मुंशी ने उसे गैरहाजिर दिखा दिया और ड्यूटी लगवाने के लिए वह 3000 रुपए प्रतिमाह घूस की मांग करता है। यह चिट्ठी वायरल होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसएसपी ने सफाई पेश करते हुए आरोपों को निराधार बताया और मामले में जांच बैठा दी।

पीड़ित कॉन्स्टेबल शिवराम ने एसएसपी के नाम वायरल हुए शिकायती पत्र में आरोप लगाते कहा है कि 24 सितंबर की रात में वह ड्यूटी पर मौजूद था। 25 सितंबर को सुबह रिजर्व पुलिस लाइन ड्यूटी के लिए कार्यालय आया तो उसे पता चला कि ड्यूटी रजिस्टर में 24 सितंबर को उसकी गैरहाजिरी अंकित है। सिपाही ने आरोप लगाया कि ड्यूटी की हाजिरी लगाने वाले मुंशी विवेक सिंह पिछले कई महीनों से प्रतिमाह 3000 रुपये सुविधा शुल्क के तौर पर घूस मांग रहा है। पीड़ित ने सुविधा शुल्क देने से इनकार कर दिया तो इसके चलते उन्होंने ड्यूटी से गैरहाजिर लिख दिया। पीड़ित का कहना है कि वह ड्यूटी पर मौजूद था जिसका रिकार्ड सीसीटीवी में मौजूद है। सिपाही ने आरोप लगाया कि उसके खिलाफ मुंशी ने ड्यूटी से गैरहाजिर रहने की रपट भी लिख दी।
एसएसपी ने बैठाई जांच
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी कलानिधि नैथानी ने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी रिजर्व पुलिस लाइन लखनऊ को दी है। एसएसपी ने कहा कि मुख्य आरक्षी शिवराम पर ड्यूटी पर लापरवाही बरतने का आरोप है। उसके खिलाफ भी शिकायत मिली है और सिपाही ने भी आरोप लगाए हैं तो दोनों प्रकरण की जांच कराई जा रही है। सिपाही का प्रार्थना पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसके समर्थन में भारी संख्या में कांस्टेबल आ गए। कई कांस्टेबलों ने कहा कि यह सरासर गलत है। पुलिस विभाग में हर जिले का यही हाल है।












Click it and Unblock the Notifications