उत्तर प्रदेश में कानपुर, आगरा, मेरठ व वाराणसी को मेट्रो की सौगात
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ के बाद मेट्रो सेवा को अब अन्य शहरों में भी शुरू करने को हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता वाली मंत्रिपरिषद ने कानपुर, मेरठ, आगरा व वाराणसी में मेट्रो चलाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। इन शहरों में मेट्रो के संचालन संबंधी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने को कंसल्टेंट संस्था के चयन संबंधी प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है।

लखनऊ में 5, कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी सरकार की बहुत सारी उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि उनकी सरकार चुनाव घोषणापत्र में लिखे वादे पूरे कर रही है। बेरोजगारों को रोजगार दे रही है। कैबिनेट की बैठक में कई और महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए।
मंत्रिपरिषद ने प्रदेश के विभिन्न नगरों-कानपुर नगर, आगरा, मेरठ एवं वाराणसी नगर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुचारु बनाने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के रूप में मेट्रो रेल परियोजना के संचालन के लिए डीपीआर तैयार करने से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है।
उप्र में ठंड से हो रही मौतों के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलाधिकारियों को इस बात के निर्देश दिए गए हैं कि ठंड से बचाव के लिए सभी आवश्यक कदम उठाया जाए। उन्होंने कहा कि अलाव आदि की व्यवस्था के लिए राशि जारी कर दी गई है और सरकार की यह कोशिश है कि ठंड से किसी की मौत न होने पाए।
उल्लेखनीय है कि यह बैठक ठंड और कोहरे के कारण कल दो बार टाली गई थी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मेट्रो का मॉडल भी लांच किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications