पूर्व मंत्री और 6 बार विधायक रहे सपा नेता राजा राजीव कुमार का निधन, बेटे का टिकट कटने पर पड़ा था हार्ट अटैक
बाराबंकी, 31 जनवरी: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बाराबंकी में पूर्व मंत्री और छह बार से विधायक रहे समाजवादी पार्टी के नेता राजा राजीव कुमार सिंह का सोमवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। दो दिन पहले हार्ट अटैक आने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। चर्चा है कि बेटे का टिकट कटने के बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।

बेटे के लिए सपा से टिकट मांग रहे थे राजा राजीव कुमार
Recommended Video
जानकारी के मुताबिक, सपा नेता राजा राजीव कुमार सिंह अपने बेटे रितेश सिंह के लिए बाराबंकी के दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र से टिकट मांग रहे थे। परिजनों का कहना है कि सपा ने राजा राजीव कुमार सिंह के बेटे रितेश सिंह का टिकट काट दिया था। शनिवार को टिकट कटने पर राजा राजीव कुमार को हार्ट अटैक आया। उन्हें मेदांता ले जाया गया था। राजा राजीव कुमार सिंह के निधन से उनके समर्थकों में शोक की लहर है।
छह बार विधायक रह चुके हैं राजीव कुमार सिंह
बता दें कि दरियाबाद विधानसभा सीट बाराबंकी जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर की दूरी पर है। 65 वर्षीय राजीव कुमार सिंह प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार और मुलायम सिंह यादव सरकार में मंत्री रहे थे। वह बाराबंकी के दरियाबाद से छह बार विधायक रहे। हालांकि, 2017 के मोदी लहर में वह भाजपा के युवा प्रत्याशी सतीश चंद शर्मा से चुनाव हार गए। इस बार वह अपने बेटे रितेश सिंह उर्फ रिंकू को इस दरियाबाद सीट पर टिकट मांग रहे थे। लेकिन पार्टी ने दरियाबाद से अरविंद सिंह गोप को प्रत्याशी घोषित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications