यूपी के चौथे मुख्य सूचना आयुक्त बने पूर्व आईपीएस भावेश कुमार सिंह, एक साल से पद था खाली
लखनऊ। रिटायर्ड आईपीएस अफसर भावेश कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश का चौथा मुख्य सूचना आयुक्त बनाया गया है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भावेश कुमार सिंह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। राजभवन में आयोजित शपथग्रहण समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा और कैबिनेट के अन्य मंत्री भी मौजूद रहे। इस पद के लिए कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए थे।

रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी भावेश कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले के निवासी हैं। 1987 बैच के अधिकारी रहे भावेश कुमार सिंह यूपी कैडर के आईपीएस रहे हैं। भावेश कुमार सिंह अलीगढ़, मऊ, मथुरा, शाहजहांपुर, प्रयागराज, बरेली समेत अन्य जिलों में सेवाएं दे चुके हैं। वे डीजी इंटेलिजेंस पद से पिछले साल रिटायर्ड हुए थे। भावेश कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के चौथे मुख्य सूचना आयुक्त हैं। जस्टिस एमए खान पहले मुख्य सूचना आयुक्त बने थे। रिटायर्ड अफसर रंजीत सिंह पंकज दूसरे और पूर्व मुख्य सचिव जावेद उस्मानी तीसरे मुख्य सूचना आयुक्त थे।
16 फरवरी 2019 से मुख्य सूचना आयुक्त का पद खाली पड़ा था। मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्ति का मामला हाईकोर्ट में भी पहुंचा और इस बारे में कोर्ट ने योगी सरकार से जवाब तलब किया था। इस पद को भरने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय चयन समिति की बैठक हुई जिसमें पूर्व आईपीएस भावेश कुमार सिंह के नाम पर सहमति बनी।
इस पद के लिए चयन समिति ने सात नामों पर विचार किया। भावेश कुमार सिंह के अलावा, रिटायर्ड जस्टिस अनिल कुमार, आईएएस अफसर दीपक त्रिवेदी, सूचना आयुक्त राजीव कपूर, दुष्यंत कुमार, ताहिर हसन नकवी और अशोक कुमार शुक्ल मुख्य सूचना आयुक्त बनने की दौर में थे। चयन समिति की सिफारिश पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मंजूरी मिलने के बाद भावेश कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के नए मुख्य सूचना आयुक्त बन गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications