UP ELECTION 2022: सपा से निष्कासित MLA सुभाष पासी भाजपा में शामिल
लखनऊ, 02 नवंबर: समाजवादी पार्टी से निष्कासित गाजीपुर की सैदपुर विधानसभा से सपा विधायक सुभाष पासी ने भाजपा का दामन थाम लिया है। यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सुभाष पासी को भाजपा में शामिल करवाया। स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट में तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ''राष्ट्र हित में भाजपा परिवार बढ़ता जा रहा है। गाजीपुर की सैदपुर विधानसभा से विधायक श्री सुभाष पासी जी भाजपा में शामिल हुए। मैं उनका हार्दिक स्वागत व अभिनंदन करता हूं।''

समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका
गाजीपुर की सैदपुर विधानसभा सीट एक ऐसी सीट है, जहां से 1996 के बाद से भाजपा कभी नहीं जीत सकी। पिछले चार चुनावों की बात करें तो दो-दो बार सपा-बसपा के प्रत्याशी की जीत हुई है। 1996 में बीजेपी के टिकट पर महेंद्र नाथ जीते थे। इसके बाद 2002 और 2007 में बसपा के कैलाश नाथ सिंह और दीनानाथ पांडेय की जीत हुई थी। 2012 और 2017 के विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के टिकट पर सुभाष पासी जीत दर्जकर विधानसभा पहुंचे। जाहिर है कि उनके भाजपा में शामिल होने पर सपा को बड़ा झटका लगा है। वहीं, बीजेपी को उम्मीद है सुभाष पासी इस बार सैदपुर सीट अपनी झोली में डालने में कामयाब रहेंगे।
सपा ने किया निष्कासित, विधायक बोले- खुद दिया इस्तीफा
बता दें, समाजवादी पार्टी के ऑफिशियल ट्विटर हैंडर से मंगलवार को ही ट्वीट कर जानकारी दी गई कि गाजीपुर की सैदपुर विधानसभा से सपा विधायक सुभाष पासी को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण पार्टी से निष्कासित किया जाता है। हालांकि, सुभाष पासी का कहना है कि उन्होंने खुद इस्तीफा दिया है। इससे पहले सुभाष पासी ने गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की थी। सुभाष पासी दो बार सैदपुर सीट से विधायक हैं।












Click it and Unblock the Notifications