डीजी इंटेलिजेंस डीएस चौहान को मिला यूपी के DGP का अतिरिक्त प्रभार
लखनऊ, 12 मई: उत्तर प्रदेश में इंटेलिजेंस के महानिदेशक देवेंद्र सिंह चौहान को राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जनवरी 2020 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से यूपी लौटे डीएस चौहान सीआरपीएफ में आईजी के पद पर तैनात थे। 1988 बैच के डीजी रैंक अफसर डीएस चौहान छत्तीसगढ़ में भी सेवाएं दे चुके हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने चौहान की नियुक्ति का लेटर जारी किया है।

शासकीय कार्यों की अवहेलना करने पर हटाए गए मुकुल गोयल
उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को सिनियर आईपीएस अफसर मुकुल गोयल को यूपी के डीजीपी पद से हटा दिया था। कहा गया कि डीजीपी मुकुल गोयल को शासकीय कार्यों की अवहेलना करने, विभागीय कार्यों में रुचि न लेने एवं अकर्मण्यता के चलते डीजीपी पद से मुक्त करते हुए डीजी नागरिक सुरक्षा के पद पर भेजा गया। गुरुवार को सरकार की ओर से डीएस चौहान को यूपी के डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
अवनीश कुमार अवस्थी की ओर से जारी लेटर में कहा गया है, "आरआर-1987 के पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल के स्थानान्तरित हो जाने के बाद शासन द्वारा जनहित में आपको पुलिस महानिदेशक (विभागाध्यक्ष), का अतिरिक्त प्रभार दिये जाने का निर्णय लिया गया है।"
जुलाई 2021 में डीजीपी के पद पर नियुक्त हुए थे मुकुल गोयल
1987 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मुकुल गोयल को पिछले साल जुलाई में ही यूपी के डीजीपी का पद सौंपा गया था। इससे पहले वह केंद्र में बीएसएफ में अपर पुलिस महानिदेशक ऑपरेशंस के पद पर तैनात थे। अंतरिम आदेश के तहत उन्हें पुलिस महकमे में नागरिक सुरक्षा के महानिदेशक पद पर भेजा गया है। सूत्रों मुताबिक, जल्द ही यूपी के नए डीजीपी की तैनाती की घोषणा की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications