उत्तर प्रदेश में डेंगू-बुखार का कहर, फिरोजाबाद में मौत का आंकड़ा पहुंचा 51
लखनऊ, 05 सितंबर: उत्तर प्रदेश में डेंगू और बुखार से हाहाकार मचा हुआ है। प्रदेश के कई जिले बुरी तरह प्रभावित हैं। दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है। सैकड़ों लोग पीड़ित हैं। अस्पतालों में बेड फुल हो गए हैं। फिरोजाबाद में डेंगू बुखार से एक और बच्चे की मौत हो गई। जिले में अब मौत का आंकड़ा 51 हो गया है। जिला प्रशासन की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि अपने आसपास पानी ना जमा होने दें। उधर, सीतापुर और प्रयागराज में भी वायरल बुखार के मामले बढ़ रहे हैं।

फिरोजाबाद में मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 51
फिरोजाबाद के सीएमओ ने बताया, "पिछले 24 घंटे में 1 बच्चे की मृत्यु हुई है। मृतकों का आंकड़ा 51 हो गया है। हम लोगों को समझा रहे हैं कि आसपास पानी ना जमा होने दें। अगर पानी है तो उस पर काला तेल डाल दें।" प्रयागराज में भी वायरल बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। मोतीलाल नेहरू अस्पताल के सीएमओ डॉ. नानक सरन ने बताया, "बच्चों का अस्पताल जो मेडिकल कॉलेज द्वारा संचालित होता है, उसमें हमेशा बिस्तर से ज्यादा मरीज रहते हैं। कुछ बिस्तर में 2-3 बच्चे भी भर्ती हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में मरीजों के परिचारकों ने बताया कि उनको यहां सुविधा ज़्यादा अच्छी मिलती है और उनका बच्चा यहां से ठीक होकर जाता है, तो उन्हें कुछ दिक्कत नहीं है।
सीतापुर में बुखार से दहशत में ग्रामीण
उधर, सीतापुर में भी वायरल और डेंगू का प्रकोप देखने को मिल रहा है। बसेती गांव के लोग रहस्यमयी बुखार से दहशत में हैं। गांव में ज्यादातर लोग बुखार की चपेट में है। इनमें सभी उम्र के लोग शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक माह में अब तक करीब 50 से अधिक लोगों की मौते हो चुकी हैं। वहीं, डॉक्टरों का कहना है कि यह आंकड़ा 15 से 20 का है। सीएचसी अधीक्षक एलिया डॉ. मनीष गुप्ता ने बताया कि गांव में कैंप कराया जा चुका है। दवाइयां भी गांव में बंटवाई जा चुकी है। डॉक्टर मनीष का कहना है कि यह मलेरिया के लक्षण हैं और डॉक्टरों की टीम निगरानी रख रही है। गांव में जल्द ही टीमें भेजेंगे और कैंप लगाकर दवाओं का वितरण किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications