Constable Viral Video: मामूली विवाद में सिपाही ने युवक पर तान दी सर्विस पिस्टल, मच गया हड़कंप
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से नशे में धुत्त एक सिपाही का अनोखा और हैरान कर देने वाला कारनामा सामने आया है। वर्दी पहने सिपाही ने मामूली विवाद में एक युवक के साथ पहले गाली गलौज की और फिर कमर पर लगी अपनी सर्विस पिस्टल उसपर तान दी। जैसे तैसे वहां मौजूद राहगीर ने सिपाही को शांत कराया लेकिन वह दोबारा पिस्टल लेकर युवक को दौड़ा दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बाइक टकराने पर हुआ विवाद
दरअसल, वायरल वीडियो में दिख रहा आरोपी सिपाही बलवंत सिंह तोमर पारा के डॉक्टर खेड़ा स्थित सोनियानगर का रहने वाला है और फ़िलहाल गोण्डा में तैनात है। घटना के वक्त सिपाही छुट्टी पर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान सिद्धार्थनगर निवासी विजेन्द्र कुमार सिंह बुधवार रात करीब दस बजे औरास जा रहे थे। उन्होंने बताया कि लखनऊ में पारा थाना क्षेत्र स्थित सूर्य नगर क्रासिंग के पास आरोपी सिपाही की बाइक का टायर उनके पैर पर चढ़ गया था।

सर्विस पिस्टल युवक पर तानी
विजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि विरोध करने पर सिपाही ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जिसके बाद अचानक उतरकर कमर में लगी पिस्टल निकाल कर गोली मारने की धमकी देने लगा। स्थानीय लोगों के पकड़ने के बाद भी दो बार पिस्टल निकाल कर मारने को दौड़ा। जिसके बाद भीड़ जुटने पर आरोपी सिपाही धमकी देते हुए वहां से भाग निकला।
वीडियो हुआ वायरल, होगी कड़ी कार्यवाही
उधर, देर रात वीडियो वायरल होने पर डीसीपी पश्चिम ने पूरे मामले की जांच एसीपी काकोरी अनूप कुमार को सौंप दी है। वहीं उसके निलंबन की संस्तुतित गोण्डा के एसपी अंकित मित्तल से की है। एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि वीडियो में दिख रहा सिपाही बलवंत सिंह तोमर गोण्डा में तैनात है। उसे नशे में बताया जा रहा है। जांच और पीड़ित की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications