Uttar pradesh Rain : यूपी में बारिश को लेकर CM योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, कहा - हर वक्त रहें मुस्तैद
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारी बारिश को लेकर अधिकारियों को फील्ड पर सक्रिय रहने और लोगों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।सीएम ने कहा कि सभी अधिकारी राहत कार्य का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें। जगह-जगह हुए जलभराव को मशीनरी और पंप के जरिए से निकाला जाए और जलभराव वाले स्थानों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाए। सीएम ने आगे कहा कि जहां जन-धन की हानि हुई है वहां अधिकारी तत्काल पहुंचकर हरसंभव सहायता प्रदान करें.

10 अक्टूबर तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश पूर्व और मध्य भारत में 10 अक्टूबर तक इसी तरह बारिश का मौसम रहने की आशंका जताई है। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मानसून के विदा होने की आखिरी तारीख 30 सितंबर थी, लेकिन बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर सक्रिय होने के कारण अभी भी 10 अक्टूबर तक इसी तरह बारिश होने के आसार हैं। यूपी के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। महाराजगंज में सबसे ज्यादा 41 सेमी बारिश हुई, जबकि गोंडा में 36, अयोध्या में 31, गोरखपुर में 30, श्रावस्ती में 23, सिद्धार्थनगर में 22 सेमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ में आज भी सुबह से काले बादल छाए हुए हैं और हल्फी बारिश हो रही है।
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
सीएम ऑफिस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से जानकारी दी गई कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने अतिवृष्टि से प्रभावित जनपदों के संबंधित जिलाधिकारियों को राहत कार्य प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलभराव वाले स्थानों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाए। सीएम ने पंचायतीराज, ग्राम विकास, नगर विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि जनहानि और धनहानि की स्थिति में प्रशासन तत्काल पहुंचकर अनुमन्य सहायता प्रदान करे। सभी अधिकारी राहत कार्य का प्रभावी संचालन सुनिश्चित कराएं। सीएम ने आगे कहा कि जलभराव वाले स्थानों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाएं।












Click it and Unblock the Notifications