Lucknow : व्यापारी के गोदाम से कैडबरी की 17 लाख रुपए की चॉकलेट चोरी कर ले गए चोर, तलाश जारी
लखनऊ, 17 अगस्त: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 17 लाख रुपए की चॉकलेट चोरी का मामला सामने आया है। ये चॉकलेट कैडबरी के गोदाम से चोरी की गई हैं। इस मामले में चिनहट थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कैडबरी डिस्ट्रीब्यूटर राजेंद्र सिंह सिद्धू ने कहा कि लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास कुछ जानकारी हो तो वह सूचित करें। बता दें, चोर गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान न हो सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

गोदाम से 17 लाख रुपए की चॉकलेट चोरी
कैडबरी के डिस्ट्रीब्यूटर राजेंद्र सिंह सिद्धू ने जानकारी देते हुए बताया कि गोदाम से 17 लाख रुपए की चॉकलेट चोरी हुई है। इस मामले में उन्होंने चिनहट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। अगर किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो तो कृपया हमें बताएं। बता दें, कैडबरी एक मल्टीनेशनल कंपनी है, जिसकी चॉकलेट दुनियाभर में फेमस हैं। भारत में भी इस चॉकलेट का बड़ा व्यापार है।
CCTV के डीवीआर भी साथ ले गए चोर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोरों ने उस वक्त घटना को अंजाम दिया, जब डिस्ट्रीब्यूटर राजेंद्र सिंह वहां मौजूद नहीं थे। चोरों ने गोदाम के बाहर लोडर लगाया और चॉकलेट लेकर चले गए। चोर अपने साथ गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को भी अपने साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान ना हो सके। चोरी की इस वारदात को सुनकर इलाके के लोग हैरान हैं। राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें चोरी की जानकारी अपने पड़ोसी से मिली। माना जा रहा है कि चोर बाउंड्री वाल पर चढ़कर अंदर गए, क्योंकि मेन गेट बंद था। इस मामले में पुलिस ने धारा 380 समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस घटना का खुलासा होगा।












Click it and Unblock the Notifications