यूपी चुनाव 2022: सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा - बसपा अकेले लड़ेगी चुनाव और बनाएगी सरकार
लखनऊ, 02 अगस्त: बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने एक बार फिर साफ किया है कि उनकी पार्टी (बसपा) आगामी विधानसभा चुनाव में किसी अन्य पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। सतीश चंद्र मिश्रा ने अगले चुनाव में सरकार बनाने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि हम अकेले चुनाव लड़ेंगे और सरकार बनाएंगे।
Recommended Video

सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा- 2022 में अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा के चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। सत्ता पर काबिज भाजपा एक बार फिर सरकार बनाने की कोशिश में जुटी है तो वहीं विपक्षी दल अलग रणनीति बनाने में लगे हैं। छोटे-छोटे दल भी गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरने को तैयार हैं। समाजवादी पार्टी भी साफ कर चुकी है वह छोटे दलों को साथ लेकर चलेगी। हालांकि, बहुजन समाज पार्टी ने किसी भी दल के साथ गठबंधन से इनकार करते हुए साफ कर दिया है कि वह 2022 में अकेले चुनाव लड़ेगी।
हम अकेले चुनाव लड़ेंगे और सरकार बनाएंगे: सतीश चंद्र मिश्रा
बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा, ''हमारी पार्टी (बसपा) किसी अन्य पार्टी के साथ गठबंधन में 2002 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। हमने कई मौकों पर इसे स्पष्ट किया है।'' सतीश चंद्र मिश्रा ने इस दौरान अगले चुनाव में सरकार बनाने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि हम अकेले चुनाव लड़ेंगे और सरकार बनाएंगे।
बसपा नेता सुखदेव राजभर का राजनीति से संन्यास
बता दें, चुनाव से पहले मायावती को एक और बड़ा झटका लगा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व दीदारगंज आजमगढ़ से बसपा विधायक सुखदेव राजभर ने शनिवार को स्वास्थ्य का हवाला देते हुए राजनीति से सन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के नाम एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा, मैं बीमार हूं, इसीलिए सक्रिय राजनीति से अलग हो रहा हूं। इस पत्र में उन्होंने बसपा को मिशन से भटकी हुई पार्टी बताते हुए अखिलेश यादव की तारीफ की। बेटे कमलाकांत राजभर के समाजवादी पार्टी में जाने के फैसले को सही बताया है।












Click it and Unblock the Notifications