अब कैसी है सिंगर कनिका कपूर की तबीयत, डॉक्टरों ने दिया हेल्थ अपडेट
लखनऊ। 'बेबी डॉल' और 'चिटिया कलाइयां' जैसे हिट सॉन्ग गाने वाली बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर (Kanika Kapoor) की सेहत में अब सुधार नजर आ रहा है। मगर, शरीर में वायरल लोड बना हुआ है। इसकी पुष्टि मंगलवार को तीसरी बार हुए टेस्ट से हुई। बता दें कि कनिका कपूर की हर 48 घंटे में जांच हो रही है। फिलहाल कनिका कपूर का इलाज लखनऊ के एसजीपीजीआई में चल रहा है।
Recommended Video

हर 48 घंटे में कनिका कपूर की हो रही जांच
लखनऊ के सीएमओ डॉक्टर नरेंद्र अग्रवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कनिका कपूर की हर 48 घंटे में जांच की जा रही है। जांच के बाद एक बार फिर से कनिका कपूर में हाई लोड कोरोना वायरस बना हुआ है। हालांकि उनकी हालत स्थिर है और पीजीआई में भर्ती हैं।

परिवार ने उठाए थे रिपोर्ट पर सवाल
मालूम हो कि इससे पहले आई रिपोर्ट में कनिका की फैमिली ने सवाल खड़े किए थे, परिवार की ओर से कहा गया है कि ना तो उम्र उसमें ठीक है और ना ही जेंडर। कनिका की उम्र 28 साल लिखी गई है और उसे पुरुष लिखा गया है। ऐसे में कहीं किसी और की रिपोर्ट के साथ तो ये गड़बड़ नहीं हो गई है।

एक जांच केजीएमयू, दो पीजीआइ में
अब तक कनिका की तीन बार स्वैब जांच हो चुकी है। इसमें पहली जांच केजीएमयू व दो जांचें पीजीआई में हुईं। मंगलवार को तीसरी बार जांच में भी वायरल लोड मिला। फिलहाल कनिका कपूर की हालत में सुधार है और वह अभी अपने पर्सनल कार्य खुद ही कर रही हैं।

कनिका के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
फिलहाल कनिका कपूर का इलाज चल रहा है लेकिन योगी सरकार उनपर कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है। जानकारी छिपाने के चलते कनिका के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। अब कनिका कब तक ठीक होती हैं ये तो समय बताएगा, लेकिन उनकी ये लापरवाही कई लोगों पर भारी पड़ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications