'अब चार बीवी, 40 बच्चे नहीं चलेगा...', लखनऊ में बोले BJP सांसद साक्षी महाराज
लखनऊ, 11 फरवरी: उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री हैं, लेकिन नेता पूरे विश्व के है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार आने वाले समय में जनसंख्या नियंत्रण और समान आचार संहिता कानून बनाएगी। जनसंख्या को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी चिंतित है। उन्होंने कहा कि इस देश में अब चार बीवी, 40 बच्चे नहीं चलेगा। बता दें, साक्षी महाराज लखनऊ के सरोजनीनगर में बीजेपी उम्मीदवार राजेश्वर सिंह के लिए वोट मांगने पहुंचे थे। गुरुवार को सरोजनीनगर स्कूटर्स इंडिया चौराहा स्थित एक होटल में लोधी समाज की ओर से आयोजित समारोह में वह शामिल हुए। लोधी समाज ने पूर्व ईडी अधिकारी राजेश्वर सिंह के समर्थन में स्वागत समारोह का आयोजन किया था।

राष्ट्र सेवा के लिए भाजपा में शामिल हुए राजेश्वर सिंह: साक्षी महाराज
भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि राजेश्वर सिंह के परिवार के कई सदस्य प्रशासनिक सेवा में हैं। वह खुद प्रवर्तन निदेशालय में संयुक्त निदेशक रहे। वह विधायक या मंत्री बनने के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं।
साक्षी महाराज ने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ सरकार ने उज्जवला गैस योजना, पीएम आवास योजना, सौभाग्य योजना, किसान सम्मान निधि योजना, शौचालय योजना चलाईं जो किसी एक वर्ग नहीं, सर्व समाज के लिए हैं। विरोधी दल के नेता केवल एक समुदाय के लोगों का विकास करने की बात करते है। भाजपा सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिन माफियाओं को जेल भेजा है, अगर सपा सरकार आई तो वही माफिया सरकार चलाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications