यूपी में कोरोना का कहर, बीजेपी प्रवक्ता मनोज मिश्रा और पूर्व सांसद रामचरित्र निषाद का निधन
लखनऊ, मई 03: यूपी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनोज मिश्रा और मछलीशहर के पूर्व भाजपा सांसद राम चरित्र निषाद का कोरोना के संक्रमण से निधन हो गया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनोज मिश्रा का कानपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जबकि पूर्व सांसद राम चरित्र निषाद का इलाज नोएडा के कैलाश अस्पताल में चल रहा था।

Recommended Video
पूर्व सांसद 4 दिनों से नोएडा के अस्पताल में थे भर्ती
मछलीशहर से पूर्व सांसद रहे रामचरित्र निषाद बीते दिनों कोरोना की चपेट में आए थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। पिछले 4 दिनों से नोएडा के कैलाश अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और संक्रमण की वजह से उनकी मौत हो गई। निषाद मूल रूप से बस्ती जिले के रहने वाले थे। उन्होंने दो साल पहले भाजपा छोड़ दी थी और समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई थी।
वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे बीजेपी प्रवक्ता
उधर, कानपुर के डीएवी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. मनोज मिश्रा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। अस्पताल में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बता दें, प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में बीजेपी के कई नेताओं की कोरोना से मौत हो गई। बता दें, उत्तर प्रदेश में रविवार को कोरोना वायरस 30,983 नए मामले सामने आए, जबकि 290 लोगों की मौत हुई। इस दौरान 36,650 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। प्रदेश में कोरोना के कुल मामले 13,13,361 हैं, जबकि सक्रिय मामलों की संख्या 2,95,752 है। अब तक प्रदेश में कुल 10,04,447 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। वहीं, कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 13, 162 पहुंच गया है।












Click it and Unblock the Notifications