बड़ी खबर: उत्तर प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश यादव, खुद किया ऐलान
लखनऊ, 01 नवंबर: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि वह अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के लिए उनकी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के बीच गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया गया है। अखिलेश यादव ने पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "रालोद के साथ हमारा गठबंधन अंतिम है। सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया जाना है।" बता दें, अखिलेश यादव आजमगढ़ से सांसद और सपा के मुख्यमंत्री चेहरे हैं।

Recommended Video
शिवपाल यादव की पार्टी से गठबंधन की संभावना पर क्या बोले अखिलेश?
यूपी में 2022 के चुनाव में चाचा शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (पीएसपीएल) के साथ गठबंधन की संभावना पर अखिलेश ने कहा, ''मुझे इसमें कोई समस्या नहीं है। उन्हें और उनके लोगों को उचित सम्मान दिया जाएगा।'' उधर, अलीगढ़ में शिवपाल यादव ने कहा कि उनके कार्यकर्ताओं को सम्मान मिले तो वह समाजवादी पार्टी से विलय को तैयार हैं। शिवपाल ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। किसी जगह और किसी संस्था का नाम बदलने से विकास नहीं हो सकता है, बल्कि उसके लिए कार्य करना होता है, जो भाजपा सरकार नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास नारों के साथ भी लोगों को धोखा दिया गया है।
सपा के सत्ता में आने के बाद समृद्धि की राह पर लौटेगा यूपी: अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को दावा किया था कि 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सभी वर्गों के लोगों ने राज्य में उनकी पार्टी को सत्ता में लाने का मन बना लिया है। उन्होंने हरदोई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा के सत्ता में आने के बाद उत्तर प्रदेश समृद्धि की राह पर लौटेगा।












Click it and Unblock the Notifications