ललितपुर में फिर लगा वर्दी पर दाग, महिला को थाने में बंद कर दी थर्ड डिग्री, आरोपी पुलिसकर्मी सस्पेंड
ललितपुर, 05 मई: उत्तर प्रदेश के ललितपुर में पुलिस की वर्दी पर एक बार फिर दाग लगा है। महरौनी थाने मैं तैनात मुंशी और महिला दरोगा पर एक महिला को कमरे में बंद कर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि चोरी के शक में दोनों पुलिसकर्मियों ने महिला को निर्वस्त्र कर बेल्ट से बुरी तरह पीटा। यही नहीं, महिला से जुर्म कबूल करवाने के लिए पानी के साथ करंट के झटके दिए गए। गुरुवार को पीड़िता अपने परिजनों के साथ गाड़ी में लेटकर एसपी कार्यालय पहुंची और डीआईजी को घटना बताकर पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मामले में आरोपी दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?
थाना महरौनी क्षेत्र में रहने वाली महिला ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह महरौनी थाने में मुंशी के पद पर तैनात पुलिसकर्मी अंशु पटेल के डाकघर निकट स्थित मकान पर 14 अप्रैल से खाना बनाने और झाड़ू पोछा का काम करती है। 2 मई को सुबह खाना बनाने के बाद वह घर लौट आई। शाम को खाना बनाने पहुंची तो अंशु पटेल की पत्नी ने अंदर बैठाकर दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद मोबाइल से कॉल कर पति अंशु को बुला लिया।
निर्वस्त्र कर बेल्टों से की पिटाई, करंट भी लगाया
अंशु पटेल अपने साथ महिला दरोगा पारुल चंदेल को लेकर आया और उससे चोरी के संबंध में पूछताछ करने लगा। अंशु और महिला दरोगा ने रात 8 बजे से बिजली बंद कर पानी की बौछार लगाकर निर्वस्त्र कर बेल्टों से उसकी पिटाई की। इस दौरान वह रहम की भीख मांगती रही, लेकिन पुलिसकर्मियों का दिल नहीं पसीजा।
दोनों पुलिसकर्मी सस्पेंड, FIR दर्ज
मामला मीडिया में आने के बाद एसपी के निर्देश पर आरोपी पुलिस कर्मी अंशु पटेल, उसकी पत्नी और महिला सब इंस्पेक्टर पारुल चंदेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। बता दें, गैंगरेप पीड़िता से पाली थाने में इंस्पेक्टर द्वारा रेप का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि जिले में पुलिसकर्मियों की बर्बरता की एक और घटना सामने आ गई है। गैंगरेप पीड़िता से रेप करने वाला इंस्पेक्टर गिरफ्तार हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications