Lalitpur : नाबालिग से पिता समेत 28 लोगों ने किया रेप, FIR में SP-BSP नेताओं का भी नाम शामिल
ललितपुर, 13 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में नाबालिग से रेप का बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। 17 वर्षीय किशोरी ने अपने ही पिता और करीबी रिश्तेदारों समेत 28 लोगों पर रेप करने का आरोप लगाया है। इनमें समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के नेताओं का भी नाम शामिल है। किशोरी का आरोप है कि ये लोग पिछले कई साल से उसके साथ ये घिनौना काम कर रहे थे। पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

पिता ने पोर्न दिखाकर की थी यौन शोषण की शुरुआत
Recommended Video
अग्रेंजी अखबार 'द टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रक ड्राइवर की बेटी 17 वर्षीय किशोरी ने आरोप लगाया कि जब वह कक्षा छह में थी, तब पहली बार उसके पिता ने उसे पोर्न फिल्म दिखाकर शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की थी। लेकिन वह सफल नहीं हो पाया था। इसके बाद उसका पिता नई ड्रेस दिलाने और ड्राइविंग सिखाने के नाम पर उसे ले गया और खेत में उसके साथ हैवानियत की। पिता ने धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो उसकी मां को जान से मार देगा।
होटल में कई लोगों से करवाया रेप
किशोरी के मुताबिक, इस घटना के कुछ दिनों बाद उसका पिता उसे धोखे से एक होटल ले गया और यहां उसे एक महिला के हवाले कर दिया। महिला ने उसे होलट के एक कमरे में बंद कर दिया। वहां जाने के बाद उसे होश नहीं रहा, कुछ समय बाद कमरे में एक शख्स दाखिल हो गया। जब उसे होश आया तो उसके कपड़े अस्त व्यक्त थे और उसे पेट में तेज दर्द हो रहा था। किशोरी ने बताया कि इसके बाद से हैवानियत का सिलसिला जारी हो गया। हर बार कोई नया आदमी उसके साथ अमानवीय तरीके से रेप करता रहा। विरोध करने पर पीटा जाता रहा और जुबान खोलने पर धमकाया जाता रहा।
सपा, बसपा के नेताओं पर भी आरोप
किशोरी ने अपनी शिकायत में सपा के जिलाध्यक्ष तिलक यादव, सपा के शहर अध्यक्ष राजेश जैन जोझिया, बसपा के जिला अध्यक्ष दीपक अहिरवार समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। उसने बताया कि तिलक यादव ने उसके साथ इतने अमानवीय तरीके से रेप किया, जैसे कोई बदला ले रहा हो। किशोरी के विरोध करने पर तिलक यादव ने कहा कि उसके पिता ही उसे यहां लेकर आए हैं और कुछ दिनों बाद उसकी मां भी यहीं आने वाली है।
कई रिश्तेदारों ने भी किया रेप
पीड़िता का आरोप है कि उसके रिश्तेदारों ने भी उसके साथ रेप किया। उसने बताया कि जब वह अपने मामा के घर गई तो वहां भी कई रिश्तेदारों ने उसका रेप किया और इस काम में दादी ने उनकी मदद की। किशोरी का कहना है कि रिश्तेदार उसे बेचने चाहते थे, लेकिन सफल नहीं हो सके।
पिता समेत 28 आरोपियों पर एफआईआर दर्ज
इस मामले में ललितपुर के एसपी निखिल पाठक ने बताया कि मामला संवेदनशील है, इसे बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और धारा 161 के तहत उसका बयान भी दर्ज कर लिया गया है। बुधवार को उसका बयान धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। बता दें, ललितपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर लड़की के पिता, सपा के जिला अध्यक्ष तिलक यादव, सपा के शहर अध्यक्ष राजेश जैन जोझिया, बसपा के जिला अध्यक्ष दीपक अहिरवार समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में अरविंद यादव, महेंद्र यादव, सोनू समैया, प्रबोध तिवारी, महेंद्र दुबे, नीरज तिवारी, महेंद्र सिंघई, कोमलकांत सिंघई, श्यामा, पप्पू, मुन्ना, आकाश, महक, बंटी, नीतू, शरद, मंजू और कुछ अज्ञात लोगों के नाम भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications