यूपी के इस गांव की महिलाओं ने आज तक नहीं दिया वोट, जानें क्या है वजह
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी के तहसील धौरहरा में गनेशपुर नाम का एक गांव है। इस गांव में महिलाओं ने आज तक अपने मताधिकार का प्रयोग ही नहीं किया। निर्वाचन आयोग द्वारा पहचान पत्र तो जारी किया जा चुका है, लेकिन महिलाओं ने आज तक वोट नहीं डाला। पहले की तरह प्रशासन इस बार भी पूरी जोर आजमाइश में लगा हुआ है। वोट पड़ेंगे या नहीं ये कह पाना अभी भी मुश्किल है।
महिलाओं के वोट नहीं डालने की वजह
गनेशपुर गांव में जब लोगों से महिलाओं के वोट नहीं देने के पीछे का कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ये गांव की प्रथा है। जब गहनता से बात की तो गांव के बुजर्गो ने बताया कि काफी साल पहले बड़े घर की महिलाएं वोट डालने नहीं जाती थीं, इसलिए उनके घर की महिलाएं वोट डालने क्यों जाए, इसके पीछे पर्दा प्रथा मुख्य कारण रहा। वहीं, कुछ महिलाएं सिर्फ इसलिए वोट डालने नहीं, जाती क्योंकि उनके घर की महिलाओं ने कभो वोट नहीं डाला।
प्रशासन कर रहा समझाने का प्रयास
हालांकि, प्रशासन के प्रयास से इस बार कुछ महिलाएं वोट डालने की बात कह रही हैं। वहीं, जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह का कहना है कि इस बार गांव में चल रही गलत परंपरा को तोड़ने का प्रयास किया जाएगा। टीमें भेजकर उनको समझाने का प्रयास किया जा रहा है।