लखीमपुर खीरी हिंसा: राकेश टिकैत ने सरकार को क्यों दिया 7 दिन का अल्टीमेटम? बोले- इसके बाद फैसला हम लेंगे
लखीमपुर खीरी, 06 अक्टूबर: लखीमपुर खीरी मामले को लेकर सियासत गर्म है। एक ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पीड़ित परिवारों से मिलने लखीमपुर पहुंच रहे हैं वहीं दूसरी ओर किसानों और प्रशासन के बीच सुलह कराने में अहम भूमिका निभाने वाले किसान नेता राकेश टिकैत ने आरोपियों की गिरफ्तारी और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को लेकर सरकार को 7 दिनों का अल्टीमेटम दे दिया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी, अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग
राकेश टिकैत ने कहा कि जिन्होंने किसानों को कुचला वो नेता नहीं हो सकते, वो खूंखार लोग हैं। एफआईआर दर्ज हो गई पर अभी गिरफ्तारी नहीं हुई। सरकार के पास 7-8 दिन का समय है। जो मंत्री दिल्ली में बैठकर बयान दे रहे हैं वो अपनी जुबान पर लगाम दें। गिरफ्तारी के बाद बयान दें। टिकैत ने कहा कि जिनके खिलाफ एफआईआर हुई है उनकी गिरफ्तारी और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा का इस्तीफा हमारी मांग है। सरकार के पास आठ दिनों का समय है। इसके बाद हम अपना फैसला लेंगे।
Recommended Video
टिकैत ने कहा, ''इलाके के लोगों ने बताया कि मंत्री और उनका बेटा अपराधी हैं। वे डीजल चोरी में शामिल हैं। नेपाल में उनके तीन पेट्रोल पंप हैं, जहां डीजल 15 से 20 रुपए सस्ता है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा उर्फ मोनू का नाम लखीमपुर खीरी थाने में दर्ज प्राथमिकी में दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान रविवार को हुई घटना के बाद यहां हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। किसानों का आरोप है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे ने विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के ऊपर अपनी गाड़ी चढ़ाई, जिसमें चार किसानों सहित 8 लोगों की मौत हो गई। एफआईआर दर्ज होने के बावजूद मंत्री के बेटे को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। विपक्षी दलों के नेता लगातार आरोपी की गिरफ्तारी और केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications