Kushinagar News: सौतेली मां ने चार साल के मासूम को उतारा मौत के घाट
Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सौतेली मां ने चार साल के मासूम को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, डुमरी चुरामन छपरा गांव में सौतेली मां ने मासूम को पीटकर मार डाला। सुबह परिजनों को इसकी जानकारी हुई। चाचा ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। कसया थाना क्षेत्र के भठही राजा निवासी अजय शर्मा का एक महिला से संबंध था। पांच साल पहले अजय उसके साथ कहीं चला गया। दोनों को एक बेटा हुआ, जिसका नाम आलोक रखा। आलोक के पैदा होने के बाद वह महिला उन्हें छोड़ कर कहीं चली गई। इसके बाद अजय बच्चे को लेकर गांव आ गया। यहां उसने माला नाम की लड़की से दूसरी शादी कर ली लेकिन माला आलोक को देखना नहीं चाहती थी। इसको लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। एक दिन माला ने आलोक को पीट कर उसके हाथ-पैर तोड़ दिए।

इस हमले के बाद अजय ने चार साल के बेटे आलोक को अपनी मां और भाई शैलेश शर्मा के पास भठही गांव में छोड़ दिया और खुद माला के साथ डुमरी चुरामन छपरा गांव में बने नए मकान में रहने लगा। इसी बीच 25 जनवरी को अजय पत्नी माला के साथ भठही गांव पहुंवा और भाई व मां को भरोसा दिया कि अब आलोक के साथ माला कोई दुर्व्यवहार नहीं करेगी। अपने बेटे की तरह लालन-पालन करेगी। इस पर शैलेश ने मां की सहमति पर आलोक को सौतेली मां के साथ जाने दिया। 11 फरवरी को अजय गोवा कमाने चला गया। घर पर माला और आलोक ही रह गए। इसी बीच इस घटना को अंजाम दे दिया।
सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications