Om Birla: छात्रसंघ अध्यक्ष से लोकसभा स्पीकर तक का पूरा सफर, 21 साल से नहीं हारा कोई चुनाव
Om Birla Biography in Hindi: कोटा-बूंदी से भाजपा सांसद ओम बिड़ला 26 जून 2024 को 18वीं लोकसभा के अध्यक्ष चुने गए हैं। 17वीं लोकसभा में भी स्पीकर रहे हैं। ओम बिड़ला ऐसे पहले लोकसभा स्पीकर बन गए हैं, जिनके नाम पर नए और पुराने दोनों संसद भवनों में काम करने का रिकॉर्ड है।
18वीं लोकसभा के पहले सत्र के तीसरे दिन बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए भाजपा उम्मीदवार ओम बिड़ला व इंडिया ब्लॉक उम्मीदवार के सुरेश के बीच मुकाबला था, मगर ओम बिड़ला धवनि मत से ही चुनाव जीत गए।

वन इंडिया हिंदी की सीरीज सांसदनामा (Sansadnama) में आज जानिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला का जीवन परिचय, राजनीतिक कैरियर व परिवार के बारे में।
मल्टीपरपज स्कूल गुमानपुरा में छात्रसंघ अध्यक्ष रहे
ओम बिड़ला ने छात्र जीवन से ही राजनीति में कदम रख लिया था। 1978 से 1979 तक कोटा के गुमानपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपरपज स्कूल गुमानपुरा) में छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे।
इसके बाद लंबे समय तक सहकारिता में विभिन्न पदों पर रहे और कोटा से तीन बार विधायक व तीन बार सांसद बने। भाजपा में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेशाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष जैसे पदों पर भी रहे हैं।
बूथ मैनेजमेंट मास्टर हैं ओम बिड़ला
देश के नए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को भारतीय जनता पार्टी में बूथ मैनेजमेंट में भी 'मास्टरी' है। बूथ इंचार्ज व पन्ना प्रमुख जैसे पद इन्हीं की देन है। भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट के गुर सिखाने के लिए ओम बिरला विशेष कार्यशलाएं लेते रहे हैं।
विधानसभा-लोकसभा चुनाव में हर बार दिग्गजों को हराया
ओम बिड़ला दिग्गज भाजपा नेता हैं। कोटा से तीन बार विधायक व तीन बार सांसद चुने जा चुके हैं। बीते 21 साल से विधायक व लोकसभा का कोई चुनाव नहीं हारा है। खास बात है कि ओम बिड़ला ने चुनाव में पूर्व मंत्री शांति धारीवाल, रामकिशन, पंकज मेहता, रामनारायण मीना व इज्यराज सिंह जैसे दिग्गजों को ही हराया है।
कोटा लोकसभा चुनाव 2024 परिणाम
भाजपा के ओम बिड़ला को 750,496 वोट मिले।
कांग्रेस के प्रहलाद गुंजल को 7,08,522 वोट मिले।
ओम बिड़ला की जीत का अंतर 41,974 वोट रहा।
ओम बिड़ला का जीवन परिचय
जन्मतिथि-23 नवंबर 1962
उम्र- 62 साल
जन्मस्थान- गुमानपुरा कोटा
पिता- श्रीकृष्ण बिड़ला
माता-शकुंतला देवी
पत्नी-डॉ. अमिता बिड़ला
बेटी-आकांक्षा और अंजलि बिड़ला
शिक्षा-एम.कॉम. गवर्नमेंट कॉमर्स कॉलेज, कोटा और एमडीएस यूनिवर्सिटी, अजमेर (राजस्थान) से शिक्षा प्राप्त की।
ओम बिड़ला की कुल संपत्ति (Om Birla Net Worth)
लोकसभा चुनाव 2024 के शपथ पत्र के अनुसार ओम बिड़ला के पास कुल 10.62 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
खुद के पास 40,000 रुपए व पत्नी के पास 30,000 रुपए कैश हैं। खुद के बैंक खाते में 1.32 करोड़ रुपए व पत्नी के बैंक खाते में 94 लाख रुपये जमा हैं। ओम बिड़ला ने 1.08 करोड़ रुपए शेयर मार्केट में निवेश कर रखे हैं। पत्नी के नाम से 43,000 रुपए की LIC पॉलिसी है।
ओम बिड़ला के पास एक वैगन-आर (Wagon-R) कार है। पत्नी के पास रिट्ज़ कार है। ओम बिड़ला के पास 8 लाख रुपए का सोना-चांदी (Gold-Silver) है जबकि उनकी पत्नी के पास 426 ग्राम सोना है जिसकी वैल्यू करीब 96 लाख रुपए है। पत्नी के नाम पर 75 लाख रुपये की कृषि योग्य भूमि है। ओम बिरला के नाम पर कोई घर नहीं है लेकिन उनकी पत्नी के पास कुल 4.49 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत वाले तीन घर हैं।












Click it and Unblock the Notifications