लापरवाही: नवजात शिशु को वार्मर में रखकर भूले डॉक्टर, जिंदा जलकर मौत
कौशांबी, 17 अगस्त: यूपी के कौशांबी में डॉक्टरों की लापरवाही का बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिला अस्पताल में सिक न्यू बॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में एक नवजात शिशु वॉर्मर मशीन के हीटिंग पैड पर जिंदा जल गया। स्टाफ की अनदेखी में वॉर्मर इतना गर्म हो गया कि बच्चा बुरी तरह झुलस गया। उसके शरीर से धुआं निकलने लगा। आरोप है कि स्टाफ अपने मोबाइल में ही व्यस्त था, इस वजह से उसने ध्यान नहीं दिया। परिजनों के हंगामे के बाद सीएमएस और पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।

नवजात को हीटिंग पैड लगाकर नदारद हो गया स्टाफ
दरअसल, फतेहपुर जिले के हरिश्चंद्रपुर गांव के रहने वाले जावेद की पत्नी को प्रसव पीड़ा के चलते कौशांबी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला ने दो दिन पहले बच्चे को जन्म दिया। नवजात शिशु फीड नहीं कर पा रहा था, जिस वजह से डॉक्टर ने बच्चे को SNCU में भर्ती करा दिया। यहां स्टाफ बच्चे को हीटिंग पैड लगाकर नदारद हो गया। आरोप है कि बच्चे को हीटिंग पैड लगाने के बाद स्टाफ मोबाइल पर इतना व्यक्त हो गया कि बच्चे पर ध्यान ही नहीं दिया। बच्चे की दादी जब उसे देखने पहुंचीं तो उनके होश उड़ गए। बच्चे के शरीर से धुआ निकल रहा था। जब तक बच्चे को वहां से हटाया गया तब तक उसकी जलकर मौत हो चुकी थी।
सीएमएस ने कही जांच के बाद कार्रवाई की बात
बच्चे के पिता जावेद ने बताया कि स्टाफ ने बच्चे को हिटिंग पैड पर रखा था। स्टाफ के लोग बाहर घूम रहे थे और मोबाइल पर बिजी थे। लापरवाही के चलते उनके बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर पैसे वसूलने के भी आरोप लगाया है। अस्पताल के सीएमएस दीपक सेठ ने कहा कि एनआईसीयू वार्ड में एक बच्चा भर्ती हुआ था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है। बच्चे के परिजनों ने स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए पुलिस से भी मामले की शिकायत की है। पुलिस ने जांच के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रही है।












Click it and Unblock the Notifications