UP: पड़ोसी ने मासूम बालक संग किया कुकर्म, बेहोशी की हालत में छोड़कर भागा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
UP Kaushambi News: कौशांबी जिले में टॉफी दिलाने के बहाने एक मासूम को पड़ोसी युवक झाड़ियों में ले जाकर अप्राकृतिक दुष्कर्म किया।
UP Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। कौशांबी जिले में घर के बाहर खेल रहे 7 साल के मासूम बच्चे को पड़ोसी टॉफी दिलाने के बहाने झाड़ियों में ले गया और कुकर्म किया।
मासूम बच्चे के साथ कुकर्म करते समय जब बच्चा शोर मचाने लगा और दर्द से कराहते हुए बेहोश हो गया तो आरोपी बच्चे को उसी हालत में छोड़कर भाग गया। फिलहाल मासूम बच्चे के परिजनों की ओर से पुलिस में दी गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

यह पूरा मामला कौशांबी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र के एक गांव का है। रविवार दोपहर में 7 साल का एक मासूम बच्चा अपने घर के सामने खेल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वहां पर पड़ोस का एक शख्स पहुंचा और मासूम बच्चे को टॉफी दिलाने की लालच दे कर अपने साथ लेकर गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक मासूम बच्चे को लेकर प्राइमरी स्कूल गया था. प्राइमरी स्कूल के पीछे सुनसान झाड़ियों के पास पहुंचकर बच्चे के कपड़े उतार दिए और उसके साथ गंदा काम करने लगा। इस दौरान जब बच्चे ने विरोध किया तो उसकी पिटाई भी कर दी।
आरोपी युवक ने मासूम बच्ची को डरा-धमका कर और मारपीट कर उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। इस दौरान मासूम बच्चा दर्द के कारण बेहोश हो गया, उसे उसी हालत में छोड़कर आरोपी वहां से भाग गया। इसके बाद जब बच्चे को होश आया तो वह रोते हुए अपने घर पहुंचा और पूरी बात अपने परिजनों को बताई। बच्चे ने आपबीती सुनाई तो परिजन उसे अस्पताल ले गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में भर्ती मासूम बच्चे से भी पूछताछ की। पुलिस ने मासूम बच्चे से पूछताछ और बच्चे की मां द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है, उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications