हे प्रभु, क्या हुआ? मोबाइल टावर चुरा ले गए चोर, मुकदमा दर्ज कर पुलिस कर रही जांच
UP News: अभी तक आप लोगों ने मोबाइल टावर की बैटरी चोरी और डीजल चोरी सहित चोरी की अन्य घटनाएं सुनी होगी। लेकिन उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
दरअसल, कौशांबी जनपद के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के उजेहिनी गांव में चोरों ने मोबाइल टावर ही चुरा लिया है। घटना 9 महीने पहले की बताई जा रही है। इस मामले में अब पुलिस से शिकायत की गई है और शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

जीटीएल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर तैनात राजेश कुमार यादव निवासी रस्तीपुर थाना रानीगंज प्रतापगढ़ ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी कंपनी द्वारा कौशांबी जनपद में अलग-अलग स्थान पर मोबाइल टावर के सेटअप लगाए गए थे।
उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा 16 मोबाइल टावर एक साथ जिले में अलग-अलग स्थान पर लगाए गए थे। जिसमें एक टावर सेटअप की कीमत 852025 रुपए तथा डब्ल्यूडीबी की कीमत 426818 रुपए था। इन्हीं 16 टावरों में से एक टावर संदीपन घाट थाना क्षेत्र के ओजाहिनी गांव निवासी उबैद उल्लाह के जमीन पर लगाया गया था।
बताया कि इस साल 31 मार्च 2023 को कंपनी द्वारा जांच पड़ताल के लिए उन्हें भेजा गया तो विजिट के दौरान उन्होंने पाया कि जिस स्थान पर टावर लगाया गया था उस स्थान पर टावर नहीं था। पूरे सेटअप के साथ ही टावर गायब हो गया था।
उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में जमीन मालिक से बातचीत की गई तो मालिक ने टावर सेटअप के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। जमीन मालिक द्वारा इनकार किए जाने के बाद राजेश द्वारा कंपनी के अधिकारियों को सूचना दी गई।
अब इस मामले में राजेश यादव द्वारा कंपनी का निर्देश पर संदीपन घाट थाने में मोबाइल टावर चोरी किए जाने को लेकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में संदीपन घाट थाने के प्रभारी भुवनेश चौबे द्वारा बताया गया कि कंपनी के टेक्नीशियन द्वारा तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मोबाइल टावर चोरी करने वाले की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications