अजब-गजब: मनचाही दुल्हन के लिए पूरे सावन मांगी मन्नत, पूरी न हुई तो शिवलिंग ही चुराकर ले गया ये भक्त
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में भगवान से नाराज एक भक्त ने अनोखा कांड कर डाला। यहां एक युवक ने अपनी मनचाही दुल्हन पाने के उदेश्य से पूरे सावन भगवान शिव की पूजा अर्चना की, रोज मंदिर जाकर पूरे विधि-विधान से शादी कराने की मन्नत मांगी। लेकिन उसकी मन्नत पूरी नहीं हुई, जिससे आहत इस भक्त ने मंदिर से शिवलिंग ही चुरा लिया।
भगवान शिवा से मांगी शादी कराने की मन्नत
दरअसल, यह पूरा मामला कौशांबी जिले के महेवाघाट थाना क्षेत्र के कुम्हियावां बाजार का है। यहां का रहने वाला 27 वर्षीय 'छोटू' भगवान शिव का भक्त है। छोटू गाँव की एक लड़की को पसंद करता है, जिससे वो शादी करना चाहता है, लेकिन उसकी शादी नहीं हो पा रही थी। इसके लिए उसने तय किया कि वो सावन के महीने में भगवान शिव को प्रसन्न कर उनसे शादी कराने की मन्नत मांगेगा।

मन्नत नहीं हुई पूरी
जिसके बाद छोटू पूरे सावन भैरो बाबा मंदिर में अपनी हाजिरी लगाने लगा। छोटी लगभग हर रोज मंदिर जाने लगा और पूरे विधि विधान से भगवान शिव की आराधना करने लगा। उसे पूरा विश्वास था कि सावन का महीना खत्म होते-होते उसको शादी हो जाएगी। लेकिन देखते ही देखते पूरा सावन का महीना बीत गया और उसकी मन्नत पूरी नहीं हुई।

नाराज भक्त ने शिवलिंग ही चुरा लिया
इस बात पर छोटू भगवन शिव से नाराज हो गया। गुस्से में छोटू ने मंदिर से शिवलिंग को ही चुरा लिया। शिवलिंग चुराने के बाद उसने शिवलिंग को मंदिर के बाहर बांस और पत्तों की मदद से ढंक कर छिपा दिया। वहीं जब गांव के कुछ लोग सुबह मंदिर पहुंचे तो शिवलिंग गायब देखकर उनके होश उड़ गए। पुजारी की सूचना पर पुलिस ने तत्काल जांच पड़ताल शुरू कर दी।

मंदिर के बाहर ही छिपा दिया था शिवलिंग
छानबीन के दौरान पता चला कि शिवलिंग चोरी करने में छोटू नाम के शख्स का हाथ है। पुलिस ने जब छोटू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने शिवलिंग चोरी कर मंदिर के बाहर छिपाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने शिवलिंग को बरामद कर दोबारा मंदिर में स्थापित करवा दिया है। लेकिन छोटू द्वारा की गई इस हरकत से सभी लोग हैरान थे।

बहरहाल पुलिस ने छोटू के खिलाफ आईपीसी की धारा 379, 411 के तहत एफआईआर दर्ज उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अन्य सभी आरोपो की भी जांच की जा रही है। जांच बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications