बहू को किया आग के हवाले फिर ले गए अस्पताल, मौत हो गई तो भाग गए ससुरालवाले
कासगंज। यूपी के कासगंज से एक बड़ा मामला सामने आया है। जनपद कासगंज के एक गांव में एक विवाहिता की आग से जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतिका के शव का पंचानामा भर पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है। वहीं मृतिका के भाई ने ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज के पीछे केरोसिन डालकर हत्या करने का आरोप लगाया है। साथ ही पति सहित पांच ससुरालीजनों के विरुद्ध सोरों कोतवाली में तहरीर दी है।

जनपद बदायूं के थाना उसैत क्षेत्र के गांव सरली पुख्ता के रहने वाली मृतिका के भाई अतुल सिंह के मुताबिक, उन्होंने अपनी बहन सुमन देवी की शादी बीते 2009 में कोतवाली सोरों के गांव दतलाना के रहने वाले दिनेश से की थी। उनके मुताबिक ससुरालवाले दहेज के लिये सुमन का आए दिन मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

आरोप है कि ससुरालवालों ने सुमन के उपर केरोसिन डालकर आग के हवाले कर दिया, जिससे सुमन गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं ससुरालवाले सुमन को लेकर निजी चिकित्सालय ले गये जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। ससुरालवाले मृतिका सुमन का शव को छोड़कर फरार हो गए। वहीं पुलिस ने मृतिका के भाई की तहरीर के आधार पर पति सहित पांच लोगों पर मामला दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications