UP News: कानपुर में बच्चों से भरी वैन और ट्रक में भीषण टक्कर, आधा दर्जन से अधिक की हालत गंभीर
UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को भीषण हादसा हो गया। कानपुर के अरौल थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर दोपहर में बच्चों से भरी वैन को अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वैन क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं वैन में सवार बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालने के साथ ही अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक छात्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आधा दर्जन से अधिक बच्चों का इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना पाकर बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। हादसे में कई अन्य बच्चों की भी मौत की आशंका जताई जा रही है।
वैन में सवार थे दर्जन भर से अधिक बच्चे
बताया जा रहा है कि अरौल थाना क्षेत्र के जीपीआरडी स्कूल मैं पढ़ने वाले दर्जन भर से अधिक बच्चों को लेकर एक वैन उन्हें घर छोड़ने के लिए जा रही थी। वन लेकर वैन चालक जीटी रोड पर पहुंचा था इसी दौरान तेज रफ्तार की ट्रक ने वैन में टक्कर मार दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी, सीएमओ के साथ ही जिले के अन्य अधिकारी भी हैलेट अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल पहुंचने के बाद अधिकारियों द्वारा इस मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है। जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि हादसे में एक बच्चे की मौत हुई है जबकि घायल बच्चों का इलाज जारी है।
यह भी बात सामने आ रही है कि मारुति वैन 13 साल पुरानी है और कमर्शियल ना होने के बावजूद भी उससे स्कूली बच्चों को ढोया जा रहा था। परिजनों का यह भी आरोप है कि वैन पूरी तरह खटारा हो चुकी थी। फिलहाल दुर्घटना में घायल हुए बच्चों का इलाज जारी है और मृतक का शव कब्जे में लेकर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications